विज्ञापन

अमूल ब्रांड के करीब 1.5 लाख KG प्रोडक्‍ट कराए डिस्ट्रॉय, डिस्ट्रीब्यूटर एक्‍सपायरी डेट बदलकर बेचने की कर रहा था तैयारी

अधिकारियों के अनुसार, कारोबारी एक्‍सपायरी डेट म‍िटाकर नई डेट लिखकर प्रोडक्‍ट बेचने की तैयारी कर रहा था. हेल्‍पलाइन नंबर 181 पर श‍िकायत म‍िली थी. 

अमूल ब्रांड के करीब 1.5 लाख KG प्रोडक्‍ट कराए डिस्ट्रॉय, डिस्ट्रीब्यूटर एक्‍सपायरी डेट बदलकर बेचने की कर रहा था तैयारी

राजस्थान की राजधानी जयपुर में अवधिपार खाद्य सामग्री खरीदकर उसकी तारीख बदलकर बाजार में सस्ती कीमत पर बेचने का बड़ा खेल सामने आया है. खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए अमूल ब्रांड के करीब डेढ़ लाख किलोग्राम एक्सपायरी डेट खाद्य उत्पाद नष्ट करवाए हैं. खाद्य सुरक्षा आयुक्तालय के अधिकारियों ने यह जानकारी दी. 

हेल्पलाइन नंबर पर मिली थी शिकायत 

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दे रहा है. 181 हेल्पलाइन पर किसी नागरिक ने शिकायत दर्ज करवाई कि जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र में मैसर्स एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर द्वारा अवधिपार अमूल ब्राण्ड की खाद्य सामग्री को बेचने की तैयारी की जा रही है. इस पर विभाग ने सीएमएचओ जयपुर, द्वितीय की टीम को मौके पर निरीक्षण के लिए भेजा.  

खाद्य सामग्री के कार्टन मिले

टीम को एक बडे़ गोदाम में भारी मात्रा में खाद्य सामग्री के कार्टन मिले, जिनमें मैसर्स कायरा डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर यूनियन, गुजरात द्वारा उत्पादित एवं मैसर्स एडवनसिस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सप्लाई किए गए अमूल ब्रांड के अनेक नॉन डेयरी फूड प्रोडक्ट नूडल्स, केचअप, म्योनीज, एनर्जी ड्रिंक आदि उत्पाद थे. लगभग 12 हजार कार्टन एक्सपायरी डेट के मिले, जिनमें से 3000 कार्टून में रखे पैकेट से एक्सपायरी डेट मिटा दी गई थी. मौके पर डेट मिटाने के लिए थिनर, एसीटोन, केमिकल एवं अन्य सामग्री पाई गई. मैसर्स एथलीट डिस्ट्रीब्यूटर फर्म का कारोबारी गगन आहूजा इस खाद्य सामग्री पर नई डेट प्रिंट कर इसे 4500 नए अमूल ब्रांड के कार्टनों में भरकर मोटे मुनाफे में बेचने की तैयारी में था.  

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डाॅ. टी शुभमंगला ने बताया कि इस गोदाम में अवैध तरीके से खाद्य सामग्री बेचने की जानकारी मिली है. पड़ोसियों ने बताया कि 10-12 कर्मचारी गोदाम में प्रवेश करते थे. इसके बाद इसका मुख्यद्वार शाम तक बंद कर दिया जाता था, किसी को अंदर नहीं जाने दिया जाता था. मैसर्स एथलीट स्टोर का फूड लाइसेंस एक्सपायर हो चुका था.  

यू-ट्यूब से सीखा एक्सपायरी माल बेचने का तरीका

अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि टीम इतनी भारी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री देख कर दंग रह गए. पूछताछ करने पर गगन ने बताया कि यू-ट्यूब पर डेट बदल कर एक्सपायरी माल बेचने का तरीका सीखा. एक्सपायरी खाद्य सामग्री को आमजन को बेचे जाने का अंदेशा होने पर टीम ने नमूने लेने के बाद गोदाम में रखी खाद्य सामग्री, मशीनों एवं अन्य सामान को सीज कर परिसर को सील कर दिया है. अग्रिम कार्रवाई तक खाद्य कारोबार करने पर पाबंदी लगाई गई है.  

27 ट्रकों में भरकर नष्ट करवाई सामग्री

स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होने के कारण एक्सपायरी सामग्री को नष्ट किया गया है. एक्सपायरी उत्पादों को फर्म के स्वयं के खर्चे पर नष्ट करवाया गया. चार दिन तक चली कार्रवाई में 27 ट्रकों में भरकर यह सामग्री कचरागाह ले जाई गई.  

फर्म ने की तिथि मिटाने की तस्दीक

खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत अग्रिम कार्रवाई करने के लिए दोनों फर्म कियारा एवं एडवनसिस कंपनियों के प्रतिनिधियों को नोटिस जारी किया गया है. उल्लेखनीय है कि फर्म द्वारा नष्टीकरण का शुल्क नगर निगम में जमा करवाकर रसीद पेश की गई, जिस पर कम्पनी के प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर अमूल ब्रांड की क्सपायरी डेट सामग्री की एक्सपायरी दिनांक मिटाने की तस्दीक की है. उन्होंने बताया कि गगन आहूजा उनकी फर्म से औने पौने दामों पर नियर एक्सपायरी सामग्री खरीदता है.  

यह भी पढ़ें: राजस्थान में गर्मी का टॉर्चर, पिलानी में पारा 40 पार, इन 12 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी


 

(Except for the headline, this story has not been edited by NDTV staff and is published from a press release)

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close