सीकर शहर कोतवाली पुलिस ने अजरबेजान में नर्सिंग ऑफिसर सहित विभिन्न पदों पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर आधा दर्जन से अधिक लोगों से करीब 32 लाख रुपए की ठगी करने के मामले में आरोपी एजेंट को गिरफ्तार किया है. शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गुरुग्राम में दबिश देकर पकड़ा. शहर कोतवाली के नॉर्थ चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि चौधरी (26) निवासी इरनियां, लक्ष्मणगढ़, जिला अलवर के रूप में हुई है. आरोपी पर अजरबेजान में नौकरी लगवाने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपए लेने का आरोप है.
इंस्टाग्राम पर आया था विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, 18 जून को शिव कॉलोनी निवासी विकास ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. विकास ने बताया कि अगस्त 2025 में उसके इंस्टाग्राम पर एक कंपनी में नौकरी का विज्ञापन आया था. विज्ञापन में दिए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर उसकी बातचीत दीप कौर संधू नाम की युवती से हुई.
नौकरी दिलाने के लिए मांगे 3 लाख रुपये
उसने अजरबेजान में नर्सिंग ऑफिसर की नौकरी दिलाने और करीब एक लाख रुपए मासिक वेतन मिलने की बात कही. इसके बदले तीन लाख रुपए लेने की बात कही गई. इसके बाद विकास की मुलाकात रवि चौधरी से फतेहपुर रोड पर हुई. रवि ने पहले होटल में तीन महीने काम करने और फिर अजरबेजान भेजने का भरोसा दिया.
चंडीगढ़ ऑफिस में वीजा दिया गया
विकास के मुताबिक, चंडीगढ़ ऑफिस में उसे वीजा भी दिया गया, और 16 सितंबर की टिकट बताई गई, लेकिन बाद में टिकट कैंसिल होने की बात कह दी गई. इसके बाद आरोपी ने उससे और रुपए मांगे और मॉरीशस की टिकट और ऑफर लेटर भेज दिया. विकास मॉरीशस पहुंचकर होटल में काम करने लगा. इसी दौरान रवि ने उसे अजरबेजान भेजने के नाम पर अन्य लोगों को भी जोड़ने के लिए कहा और प्रति व्यक्ति तीन लाख रुपए लेने की बात कही.
नौकरी के नाम पर 32 लाख खाते में ट्रांसफर किए
विकास ने वीडियो कॉल के जरिए अपने करीब आधा दर्जन से अधिक दोस्तों और रिश्तेदारों की रवि से बातचीत करवाई. आरोप है कि इन लोगों ने नौकरी के लिए कुल करीब 32 लाख रुपए आरोपी के खाते में ट्रांसफर किए. आरोपी ने सभी को 15 दिन में अजरबेजान भेजने का भरोसा दिया, लेकिन बाद में फोन उठाना बंद कर दिया.
विकास भी मॉरीशस में 3 महीने का वीजा पूरा होने के बाद वापस भारत लौट आया. शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की, और आरोपी रवि चौधरी को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में अन्य लोगों की भूमिका और ठगी की रकम के संबंध में जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित, मुकंदरा टनल में भरा पानी; अगले 48 घंटे के लिए अलर्ट