अजमेर में 30 घंटे नहीं होगी पेयजल सप्लाई, PHED ने जारी कर दिया अलर्ट

अजमेर में 12 अप्रैल रात 12 बजे से 14 अप्रैल सुबह 6 बजे तक 30 घंटे पेयजल सप्लाई बंद रहेगी. बीसलपुर परियोजना के शटडाउन के कारण शहर और आसपास के कई इलाकों में वाटर सप्लाई प्रभावित रहेगी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
प्रतीकात्मक तस्वीर

अजमेर में 30 घंटे नहीं होगी पेयजल सप्लाई, कई इलाकों में संकट के हालात
अजमेर. भीषण गर्मी के बीच अजमेर शहरवासियों को पानी की बड़ी समस्या का सामना करना पड़ेगा. जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) ने बीसलपुर-अजमेर पेयजल परियोजना के अंतर्गत 30 घंटे का शटडाउन लिया है. विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह शटडाउन 12 अप्रैल की रात 12 बजे से 14 अप्रैल की सुबह 6 बजे तक रहेगा. इस दौरान 1600 एमएम और 1500 एमएम पाइपलाइन पर जरूरी तकनीकी कार्य किए जाएंगे.

किन इलाकों में रहेगा संकट?

शटडाउन के कारण अजमेर शहर के साथ-साथ ब्यावर, किशनगढ़, नसीराबाद, सरवाड़ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित रहेगी. शहर के प्रमुख इलाकों में वैशाली नगर, पंचशील, आदर्श नगर, माकड़वाली रोड, धोलाभाटा, क्रिश्चियनगंज, केसरगंज, रामगंज, सिविल लाइंस, फॉयसागर रोड और दरगाह क्षेत्र सहित कई कॉलोनियों में पानी की सप्लाई बंद रहेगी.

Advertisement

लोगों को क्या परेशानी?

30 घंटे पानी की सप्लाई बंद रहने से नागरिकों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा. भीषण गर्मी में पीने के पानी के लिए लंबी कतारें लग सकती हैं. घरों में स्टोरेज सीमित होने से खाना बनाना, नहाना और साफ-सफाई जैसी दैनिक जरूरतें प्रभावित होंगी. खासकर छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को ज्यादा दिक्कतें झेलनी पड़ सकती हैं. होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों पर भी इसका असर पड़ेगा.

विभाग ने की अपील 

विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे पहले से ही पर्याप्त पानी का भंडारण कर लें और पानी का उपयोग सावधानीपूर्वक करें. अनावश्यक बर्बादी से बचें, ताकि इस अवधि में परेशानी को कम किया जा सके.

यह भी पढ़ेंः "हमने कोई योजना बंद नहीं की, कांग्रेस फैला रही भ्रम", डि‍प्‍टी सीएम बैरवा ने गहलोत पर क‍िया पलटवार