अजमेर में घुटनों के इलाज के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है. बुजुर्ग से 4 लाख रुपए से ज्यादा की ठगी कर ली गई. मामला सदर कोतवाली थाना क्षेत्र का है. ठग ने खुद को डॉक्टर बताकर 62 वर्षीय बुजुर्ग को ‘सिंघी थेरेपी' का झांसा दिया और घुटनों का दर्द दूर करने का वादा किया. इसी एवज में 4 लाख 39 हजार रुपये ठग लिए गए. इस संबंध में ब्रह्मपुरी निवासी हरिराम किशनचंद मूलचंदानी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है. फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी की भी तलाश जारी है.
आरोपी ने कथित डॉक्टर से मिलवाया
हरिराम ने बताया कि 26 मार्च को एक युवक मिला, जिसने खुद को यश बताया. युवक ने घुटनों के दर्द का आसान और स्थायी इलाज कराने का भरोसा दिलाया. इसके बाद आरोपी ने अपनी मां के जरिए कथित डॉक्टर समीर जरीवाला से संपर्क करवाया. डॉक्टर ने खुद को मुंबई का बताते हुए जयपुर से अजमेर आकर घर पर ही इलाज करने की बात कही.
पहले थैरेपी, फिर बीमा का झांसा
एएसआई भंवर सिंह के अनुसार, 27 मार्च को आरोपी बुजुर्ग के घर पहुंचा और ‘सिंघी थेरेपी' शुरू कर दी. शुरुआत में एक सिंघी के 6 हजार रुपए बताए गए, लेकिन बाद में बीमा क्लेम दिलाने का झांसा देकर इलाज जारी रखा गया.
आरोपी ने 73 बार सिंघी लगाई और इस दौरान कुल 4 लाख 39 हजार रुपये नकद वसूल कर लिए. काफी देर के बाद बुजुर्ग को ठगी का अहसास हुआ, लेकिन तब तक वह लाखों रुपए गंवा हो चुका था. इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी.
यह भी पढ़ेंः मारुति वैन के उड़े परखच्चे, गेट से टकराई बेकाबू गाड़ी; 18 साल के युवक की मौत