विज्ञापन

अजमेर में केमिकल से भरे टैंकंर में भीषण आग, ब्यावर-अजमेर हाईवे बंद 

टैंकर का टायर फटने के बाद उसमें आग लग गई, और देखते ही देखते आग ने अन्य टायरों को भी अपनी चपेट में ले लिया.

अजमेर में केमिकल से भरे टैंकंर में भीषण आग, ब्यावर-अजमेर हाईवे बंद 
ब्यावर-अजमेर हाईवे पर केमिकल से भरे टैंकर में आग लग गई.

अजमेर के पीसांगन उपखंड क्षेत्र में ब्यावर-अजमेर हाईवे पर आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब केमिकल से भरे एक चलती टैंकर में अचानक आग लग गई. जानकारी के अनुसार टैंकर ब्यावर की ओर से अजमेर की तरफ जा रहा था, तभी रास्ते में टायर फट गया. इसके बाद आग लग गई. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन केमिकल भरा होने के कारण आग तेजी से फैलती गई और काबू नहीं पाया जा सका.

यातायात किया डायवर्ट 

स्थिति बिगड़ती देख लोगों ने तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दी. सूचना मिलते ही मांगलियावास थाना पुलिस मौके पर पहुंची, और हालात को संभालते हुए हाईवे पर यातायात बंद करवा दिया और रास्ते को डायवर्ट कर दिया गया. 

नहीं बुझी आग 

इस दौरान पीसांगन के रामपुरा डाबला निवासी और जेबीआर कंपनी में कार्यरत शेरू खान ने साहस दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश की. उन्होंने 4-5 फायर सिलेंडर का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण सफलता नहीं मिल सकी. 

हाईवे पर लगा लंबा जाम 

शुरुआती समय में दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच पाई, जिससे हालात और गंभीर हो गए. हालांकि, कुछ देर बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची, और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया. फिलहाल आग पर काबू पाने के प्रयास जारी है. गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात पूरी तरह बाधित रहा. 

यह भी पढ़ें: हनुमान जयंती पर 'सवामणियों' का महाभोग, श्रीबालाजी धाम में गूंजा राम नाम का जाप

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close