अजमेर के हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसका लाइव CCTV फुटेज सामने आया है. 407-डंपर और डस्ट से भरे ट्रैक्टर में जबरदस्त टक्कर हो गई. हादसे में ट्रैक्टर ड्राइवर विष्णु कहार की मौके पर ही मौत हो गई. परिजनों ने डंपर चालक पर मामला दर्ज कराया. सामने आए CCTV फुटेज में देखा जा सकता है कि ट्रैक्टर सड़क पर आ रहा था, तभी अचानक एक 407-डंपर रोड क्रॉस करते हुए सामने आ गया, और दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई.
ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, और आस-पास अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना का यह लाइव वीडियो अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, और लोगों ने भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल भी उठाए हैं.
डंपर और ट्रैक्टर में टक्कर
मृतक के परिचित फखर खान ने बताया कि अजमेर के नदी सेकंड निवासी विष्णु कहार ट्रैक्टर-ट्राॅली में डस्ट भरकर वापस लौट रहा था. इसी दौरान रास्ते में 407 डंपर अचानक सड़क क्रॉस करते हुए ट्रैक्टर के सामने आ गया, और भीषण हादसा हो गया. टक्कर के बाद विष्णु की मौके पर ही मौत हो गई.
पुलिस मामले की जांच कर रही है
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, और शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है. मृतक के परिजनों ने डंपर चालक के खिलाफ हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाने में मामला दर्ज कराया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. सामने आए CCTV फुटेज के आधार पर हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: चूरू में बारात की गाड़ी पलटी, दूल्हे के बड़े भाई और फोटोग्राफर की मौत