विज्ञापन

चूरू में बारात की गाड़ी पलटी, दूल्‍हे के बड़े भाई और फोटोग्राफर की मौत 

शादी की खुश‍ियां पलभर में मातम में बदल गई. पर‍िजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है. 

चूरू में बारात की गाड़ी पलटी, दूल्‍हे के बड़े भाई और फोटोग्राफर की मौत 
हादसे में घायल युवक का इलाज चल रहा है.

चूरू जिले के सुजानगढ़ क्षेत्र में मंगलवार आधी रात को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. ढाणी कुम्हारान के पास बारात में जा रही एक गाड़ी अचानक असंतुलित होकर पलट गई. हादसे में दूल्हे के बड़े भाई और एक फोटोग्राफर की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया. घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.

संतुलन बिगड़ने से पलटी गाड़ी 

पुलिस के अनुसार, बारात ढाणी कुम्हारान से राजलदेसर की ओर जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया, और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, और मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे, और घायलों को गाड़ी से बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. घायलों को पहले बीदासर के राजकीय अस्पताल ले जाया गया. 

दो युवकों ने तोड़ा दम

बीदासर थानाधिकारी दिलीप सिंह ने बताया कि हादसे में दूल्हे के बड़े भाई सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें तुरंत बीदासर अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. हादसे में घायल फोटोग्राफर नरेश को सुजानगढ़ के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके अलावा हादसे में एक अन्य युवक भी घायल हुआ है, जिसका फिलहाल अस्पताल में उपचार चल रहा है. डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं. 

शादी का माहौल बना मातम

इस दर्दनाक हादसे ने शादी के घर की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया. जिस घर में कुछ समय पहले तक शादी के मंगल गीत गूंज रहे थे, और बारात की तैयारियों में परिवार और रिश्तेदार जुटे हुए थे, वहां अचानक चीख-पुकार और शोक का माहौल छा गया. 
परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव और आसपास के क्षेत्र में भी इस घटना की खबर फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई.  ग्रामीणों ने बताया कि बारात की तैयारियां पूरे उत्साह के साथ चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया. 

पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे की सूचना मिलते ही बीदासर पुलिस मौके पर पहुंची, और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है. शुरुआती तौर पर वाहन के असंतुलित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी हुई है. इस दर्दनाक  हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है और शादी की खुशियों को गहरे शोक में बदल दिया. 

यह भी पढ़ें: जैसलमेर में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कमी, होटल और रेस्तरां कारोबार पर बढ़ी चिंता

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close