अजमेर में पूछताछ के दौरान RPS पर हमला, आरोपी ने लोहे का गेट घुमाकर घायल किया; बस्ती से गिरफ्तार

राजस्थान के अजमेर में पुलिस पूछताछ के दौरान एक आरोपी ने प्रशिक्षु RPS अधिकारी पर हमला कर दिया. घायल अधिकारी का इलाज कराया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
प्रशिक्षु RPS अधिकारी दीपक सैनी.

Rajasthan News: राजस्थान के अजमेर जिले में पुलिस पूछताछ के दौरान प्रशिक्षु RPS अधिकारी पर हमला होने का मामला सामने आया है. यह घटना मांगलियावास थाना क्षेत्र के डूमाड़ा गांव की है, जहां पुलिस टीम सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी के मामले में आरोपियों की तलाश में पहुंची थी. पूछताछ के दौरान हालात अचानक बिगड़ गए और एक आरोपी ने पुलिस टीम से बचने के लिए हमला कर दिया.

भागने की कोशिश में गेट से किया वार

जानकारी के अनुसार 27 मार्च को पुलिस टीम पहले आरोपी गोपाल गुर्जर के घर पहुंची लेकिन वह वहां नहीं मिला. इसके बाद टीम दूसरे आरोपी श्यामलाल उर्फ सांवरा के घर पहुंची. पूछताछ के दौरान श्यामलाल बहाना बनाकर भागने लगा. पुलिस ने उसका पीछा किया तो वह करीब 500 मीटर दूर एक बाड़े में घुस गया. जब पुलिस ने उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने जानबूझकर लोहे का गेट तेजी से बंद किया, जिससे प्रशिक्षु RPS दीपेंद्र सैनी का हाथ गेट में आ गया और उन्हें चोट लग गई.

Advertisement

घायल अधिकारी ने कराया इलाज, केस दर्ज

घटना के बाद घायल अधिकारी ने तुरंत इलाज कराया. इसके बाद मांगलियावास थाने में आरोपी के खिलाफ राजकार्य में बाधा डालने और चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया. पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया और आरोपी की तलाश तेज कर दी.

बस्ती से आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को एक बस्ती से गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है. इस पूरे मामले की जांच पीसांगन थाना प्रभारी को सौंपी गई है ताकि घटना के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा सके.

एसपी ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने साफ कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस के काम में बाधा डालने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा.

यह भी पढ़ें- Rajasthan: राजस्थान अलर्ट मोड पर, मुख्य सचिव बोले- एलपीजी-पेट्रोल का पर्याप्त स्टॉक, फेक न्यूज पर लगाम लगाने के निर्देश

Advertisement