Lawrence bishnoi photo statement ASI: राजस्थान के अजमेर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक निलंबित सहायक उपनिरीक्षक (ASI) ने कोर्ट में पेशी के दौरान खुद की तुलना कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से कर डाली. मंगलवार को जब पुलिस शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार सस्पेंड एएसआई अनिल जाखड़ और एक अन्य स्टाफ जतिन जाखड़ को जब पुलिस एडीएम सिटी कोर्ट लेकर पहुंची, तो उन्होंने मीडियाकर्मियों को देखकर कहा कि लॉरेंस बिश्नोई की तरह मेरी फोटो खींचना. एक पूर्व पुलिस अधिकारी के मुंह से ऐसा बयान सुनने के बाद वहां मौजूद हर कोई दंग रह गया और अब इसका वीडियो एवं बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. एएसआई को अवैध हुक्का बार पर हुई कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार किया गया था.
अवैध हुक्का बार पर कार्रवाई के दौरान हुआ था हंगामा
यह पूरा मामला अजमेर के गंज थाना क्षेत्र का है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु जांगिड़ ने मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार रात पुलिस को गंज थाना इलाके में अवैध रूप से एक हुक्का बार रेस्टोरेंट के संचालित होने की सूचना मिली थी. इस सूचना पर जब पुलिस टीम मौके पर कार्रवाई करने पहुंची, तो वहां हड़कंप मच गया.
मौके पर जांच के दौरान सामने आया कि इस अवैध हुक्का बार का संचालन एएसआई अनिल जाखड़ के बेटे शक्ति के जरिए किया जा रहा था. कार्रवाई की भनक लगते ही निलंबित एएसआई अनिल जाखड़ भी मौके पर धमक पड़े.
पुलिस टीम से अभद्रता और पिता-बेटे की गिरफ्तारी
आरोप है कि अनिल जाखड़ ने अपने पद की धौंस दिखाते हुए कथित रूप से पुलिस कार्रवाई का विरोध किया. साथ ही जांच करने आए पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया. काफी समझाने के बाद भी जब मामला शांत नहीं हुआ, स्थिति को गंभीर होता देख गंज थाना पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया. पुलिस ने मौके से दोनों को शांति भंग की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया.
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से हुक्का और उसमें उपयोग किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के फ्लेवर भी जब्त कर लिए. इसके साथ ही माहौल बिगाड़ने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने अनिल जाखड़ और उनके दूसरे बेटे जतिन जाखड़ को शांति भंग की धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया.
कोर्ट परिसर में उमड़ी भीड़, बयान बना चर्चा का विषय
मंगलवार को जब दोनों आरोपियों को एडीएम सिटी के समक्ष पेश किया गया, वहां मीडिया को देखते ही पेशी से पहले अनिल जाखड़ का "लॉरेंस बिश्नोई" वाला बयान सुर्खियों में आ गया.
यह भी पढ़ें: ACB Action: पटवारी किश्तों में ले रहा था रिश्वत, 1 लाख की डील के बाद 50 हजार लेते गिरफ्तार