अलवर में खौफनाक वारदात: मां ने 4 साल की बेटी को गला घोंटकर मारा, खुद हाथ काटकर किया आत्महत्या का प्रयास

राजस्थान के अलवर जिले में एक मां द्वारा अपनी ही मासूम बेटी की हत्या का मामला सामने आया है. घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है, वहीं आरोपी मां ने खुदकुशी की भी कोशिश की है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
अलवर जिले में एक मां द्वारा अपनी ही मासूम बेटी की हत्या का मामला सामने आया है.

Rajasthan News: राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र के पुराना राजगढ़ में शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई. यहां एक मां ने अपनी चार वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी. साथ ही खुद ने अपने दोनों हाथों को काटकर आत्महत्या का प्रयास किया है. इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और हर कोई हैरान है.

परिवार के लोगों को इस घटना का पता तब चला जब सुबह करीब 6 बजे बच्चों को स्कूल भेजने के लिए आवाज लगाई गई. कई बार आवाज देने के बाद जब दरवाजा खुला तो अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए.

Advertisement

मां के हाथ कटे, बच्ची बेहोश मिली

कमरे में मां शीला सैनी घायल अवस्था में मिली, उसके दोनों हाथों पर धारदार हथियार से कट के निशान थे. वहीं चार साल की मासूम गरीमा सैनी बेहोश पड़ी थी और उसके गले पर निशान दिखाई दे रहे थे.

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

परिजन तुरंत मां और बेटी को राजगढ़ चिकित्सालय लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया. वहीं शीला सैनी को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में अलवर रेफर किया गया.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थानाधिकारी राजेश मीना टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी की मोर्चरी में रखवाया गया है.

मृतका के ताऊ सूरज सैनी ने बताया कि पूरा परिवार एक ही मकान में रहता है. उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- राजस्थान हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, अब 'बहू' भी बनेगी अनुकंपा नियुक्ति की हकदार, कोर्ट ने कहा- बेटी से कम नहीं