राजस्थान के बारां जिले के एक स्कूल में टीचरों की कमी को लेकर ग्रामीणों ने आज जमकर हंगामा किया. छबडा उपखंड क्षेत्र के एक स्कूल में लंबे समय से शिक्षकों की कमी की शिकायत की जा रही थी. परेशान होकर ग्रामीणों ने आज स्कूल में ताला लगा डाला. उनके स्कूल के बंद कर देने के कुछ ही देर बाद शिक्षा विभाग ने फैसला लिया और स्कूल में 5 नए शिक्षकों को नियुक्त कर दिया.
यह मामला छबडा उपखंड क्षेत्र के कडैयाबन गांव का है. जहां कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूल में सिर्फ 7 शिक्षक थे. ऐसे में पढ़ाई प्रभावित होती देख स्कूल में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स और उनके पेरेंट्स का आज गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने स्कूल के आज ताला जड़ दिया और बाहर धरना प्रदर्शन करते हुए जमकर बवाल काटा.
करीब दो से ढाई घंटे तक गुस्साए स्टूडेंट्स और उनके पेरेंट्स स्कूल के बाहर नारेबाजी करते रहे. इसके बाद सीबीईओ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों से समझाइश की गई और स्कूल में तत्काल पांच शिक्षक तैनात किये गये है. इसके बाद ग्रामीणों ने अपना धरना प्रदर्शन खत्म किया.
अभिभावकों ने लगभग ढाई घंटे तक धरना दिया
Photo Credit: NDTV
टीचरों का ट्रांसफर होने से हुई समस्या
बारां के माध्यमिक शिक्षा विभाग के अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार मेहता ने एनडीटीवी से बातचीत करते हुए कहा,"स्कूल में मौजूदा वक्त में 7 टीचर्स है और आज जिस तरह से स्कूल पर ताला जड़कर कर विरोध प्रदर्शन किया, उसके बाद मौके पर सीबीईओ पहुंचे, उन्होंने रिपोर्टिंग की और बताया कि पांच टीचर्स को यहां पर लगा दिया गया है. अब किसी तरह की पढ़ाई में व्यवधान नहीं होगा."
उन्होंने बताया कि इस स्कूल में दो वरिष्ठ एवं सब्जेक्ट टीचर्स का तबादला हो गया था, इस कारण बच्चों को पढ़ाई में कुछ व्यवधान लगा. लेकिन स्कूल में नए 5 टीचर्स लगाने से यहां पर 12 टीचर्स हो गए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अगर आगे किसी तरह की दिक्कत आती है तो बच्चों की पढ़ाई का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा, अन्यत्र स्कूल से यहां पर टीचर्स और लगा दिए जाएंगे. स्कूल में 185 बच्चों का नामांकन है.
(अर्जुन अरविंद की रिपोर्ट.)
ये भी पढ़ें-: 'किडनी नहीं बदली तो बंद कर दूंगी डायलिसिस', कोटा में 5 प्रसूताओं ने 5 मांगों के लिए दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम