विज्ञापन

टीचरों की कमी से नाराज गांववालों ने स्कूल में जड़ दिया ताला, महीनों की मांग मिनटों में हो गई पूरी

बारां में एक स्कूल में टीचरों की कमी की वजह से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी जिसके बाद ग्रामीणों ने एक बड़ा कदम उठाते हुए आज स्कूल में ही ताला लगा दिया. अर्जुन अरविंद की रिपोर्ट.

टीचरों की कमी से नाराज गांववालों ने स्कूल में जड़ दिया ताला, महीनों की मांग मिनटों में हो गई पूरी
स्कूल के आगे बैठे ग्रामीण और छात्र
NDTV

राजस्थान के बारां जिले के एक स्कूल में टीचरों की कमी को लेकर ग्रामीणों ने आज जमकर हंगामा किया. छबडा उपखंड क्षेत्र के एक स्कूल में लंबे समय से शिक्षकों की कमी की शिकायत की जा रही थी. परेशान होकर ग्रामीणों ने आज स्कूल में ताला लगा डाला. उनके स्कूल के बंद कर देने के कुछ ही देर बाद शिक्षा विभाग ने फैसला लिया और स्कूल में 5 नए शिक्षकों को नियुक्त कर दिया.

यह मामला छबडा उपखंड क्षेत्र के कडैयाबन गांव का है. जहां कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूल में सिर्फ 7 शिक्षक थे. ऐसे में पढ़ाई प्रभावित होती देख स्कूल में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स और उनके पेरेंट्स का आज गुस्सा फूट पड़ा. उन्होंने स्कूल के आज ताला जड़ दिया और बाहर धरना प्रदर्शन करते हुए जमकर बवाल काटा.

करीब दो से ढाई घंटे तक गुस्साए स्टूडेंट्स और उनके पेरेंट्स स्कूल के बाहर नारेबाजी करते रहे. इसके बाद सीबीईओ मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों से समझाइश की गई और स्कूल में तत्काल पांच शिक्षक  तैनात किये गये है. इसके बाद ग्रामीणों ने अपना धरना प्रदर्शन खत्म किया.

अभिभावकों ने लगभग ढाई घंटे तक नारेबाजी की

अभिभावकों ने लगभग ढाई घंटे तक धरना दिया
Photo Credit: NDTV

टीचरों का ट्रांसफर होने से हुई समस्या

बारां के माध्यमिक शिक्षा विभाग के अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार मेहता ने एनडीटीवी से बातचीत करते हुए कहा,"स्कूल में मौजूदा वक्त में 7 टीचर्स है और आज जिस तरह से स्कूल पर ताला जड़कर कर विरोध प्रदर्शन किया, उसके बाद मौके पर सीबीईओ पहुंचे, उन्होंने रिपोर्टिंग की और बताया कि पांच टीचर्स को यहां पर लगा दिया गया है. अब किसी तरह की पढ़ाई में व्यवधान नहीं होगा."

उन्होंने बताया कि इस स्कूल में दो वरिष्ठ एवं सब्जेक्ट टीचर्स का तबादला हो गया था, इस कारण बच्चों को पढ़ाई में कुछ व्यवधान लगा. लेकिन स्कूल में नए 5 टीचर्स लगाने से यहां पर 12 टीचर्स हो गए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि अगर आगे किसी तरह की दिक्कत आती है तो बच्चों की पढ़ाई का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा, अन्यत्र स्कूल से यहां पर टीचर्स और लगा दिए जाएंगे. स्कूल में 185 बच्चों का नामांकन है.

(अर्जुन अरविंद की रिपोर्ट.)

ये भी पढ़ें-: 'किडनी नहीं बदली तो बंद कर दूंगी डायलिसिस', कोटा में 5 प्रसूताओं ने 5 मांगों के लिए दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close