Rajasthan Politics: अशोक गहलोत ने की सीएम भजनलाल शर्मा की तारीफ, कहा- 'मैं उनकी हिम्मत की दाद देता हूं'

अशोक गहलोत ने कहा कि चाहे पेंशन योजना हो या कोई भी वो काम जो हमने किया है, उसे आज भी लोग याद करते हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (बाएं) और राजस्थान के सीएम भजनल लाल शर्मा (दाएं). (फाइल फोटो)

Rajasthan News: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने मंगलवार देर रात जोधपुर रेलवे स्टेशन पर मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (Bhajan Lal Sharma) के एक बयान पर प्रतिक्रिया दी. गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जो कहा है, मैं उनकी हिम्मत की दाद देता हूं.

क्या कहा था मुख्यमंत्री ने?

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हाल ही में कहा था कि गहलोत सरकार के 5 साल और उनके डेढ़ साल के कार्य दोनों बराबर हैं. उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने गहलोत सरकार से ज्यादा काम किया है.

Advertisement

गहलोत का जवाब

गहलोत ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कहना कि उन्होंने ज्यादा काम किया है, यह तो जनता तय करेगी. लेकिन यह बात कहने का साहस होना चाहिए. मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने साहस दिखाया है. बहुत बड़ी बात है. बाकी तो जनता जान रही है कि जिलों में क्या हो रहा है? गांव में क्या हो रहा है? मुख्यमंत्री को किसी ने जुमला पकड़ा दिया होगा और उन्होंने मीडिया को बता दिया होगा. गहलोत ने कहा कि जनता जानती है कि 5 सालों में क्या हुआ है और पिछले डेढ़ सालों में क्या हो रहा है.

योजनाओं पर बात

गहलोत ने कहा कि उनकी सरकार ने कई योजनाएं शुरू की थीं, जिन्हें वर्तमान सरकार ने कमजोर कर दिया है या बंद कर दिया है. उन्होंने अन्नपूर्णा योजना, स्वास्थ्य सेवाएं, और पेंशन योजना का उदाहरण दिया. गहलोत ने कहा कि इन योजनाओं से लोगों को फायदा हो रहा था, लेकिन अब ऐसा नहीं हो रहा है.

जनता के बीच जाएंगे गहलोत

गहलोत 5 दिन के प्रवास पर जोधपुर आए हैं. इस दौरान वह जनता के बीच जाएंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे. गहलोत ने कहा कि वह जनता की समस्याओं को समझने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं.

कांग्रेस नेताओं का स्वागत

गहलोत के जोधपुर आगमन पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. इस दौरान करण सिंह उचियारड़ा, हेमलता चौधरी, नरेश जोशी, सलीम खान, और राजेंद्र सोलंकी सहित कई नेता मौजूद थे.

Advertisement

यह भी पढ़ें: गौशालाओं में फर्जी भुगतान पर लगेगी रोक, भजनलाल सरकार ने उठाया बड़ा कदम