Rajasthan: बांसवाड़ा शहर में ब्याज के नाम पर ब्लैकमेलिंग और रंगदारी वसूली करने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने प्रतापगढ़ के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अयूब खान सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों पर बोहरा समाज के एक व्यापारी को धमकाकर अवैध वसूली करने और उसके नाम पर लग्जरी वाहन फाइनेंस करवाने का आरोप है. पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन एवं डिप्टी गोपीचंद मीणा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में यह सफलता मिली.
पुलिस के अनुसार पीड़ित व्यापारी ने कोतवाली थाने में रंगदारी का मामला दर्ज कराया था. शिकायत में बताया गया कि उसने आरोपी अयूब खान से कुछ रकम उधार ली थी, जिसके बाद आरोपी अत्यधिक और मनमाना ब्याज मांगने लगा. ब्याज की राशि नहीं देने पर आरोपी लगातार जान से मारने की धमकियां देकर दबाव बना रहा था.
जुर्म का तरीका
आरोपी अयूब खान ने दबाव बनाकर व्यापारी के नाम से फॉर्च्यूनर गाड़ी फाइनेंस करवा ली और स्वयं उसका उपयोग कर रहा था. इसके साथ ही वह हर महीने व्यापारी से लाखों रुपए की अवैध वसूली कर रहा था. पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अयूब खान प्रतापगढ़ का हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ जिलों में करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अयूब खान सहित उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर लिया.
एसपी सुधीर जोशी का बयान
एसपी ने बताया कि कोतवाली थाने में रंगदारी का मुकदमा दर्ज होने के बाद तत्काल जांच शुरू की गई. जांच के दौरान सामने आया कि प्रतापगढ़ निवासी आरोपी अधिक ब्याज के नाम पर व्यापारी को धमका रहा था. फिलहाल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे अनुसंधान जारी है.