बांसवाड़ा: 22 मोबाइल और नकदी चोरी मामले में किशोर डिटेन, 6 मोबाइल बरामद

राजस्थान में बांसवाड़ा जिले के डूंगरा छोटा कस्बे में मोबाइल दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. 22 मोबाइल और नकदी चोरी के मामले में एक विधि से संघर्षरत किशोर को डिटेन किया गया है और 6 मोबाइल बरामद किए गए हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
बांसवाड़ा में मोबाइल चोरी का खुलासा हो गया.

Rajasthan News: राजस्थान के बांसवाड़ा जिला में कसारवाड़ी थाना पुलिस ने डूंगरा छोटा कस्बे में हुई मोबाइल दुकान चोरी की वारदात का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में एक विधि से संघर्षरत किशोर को डिटेन कर उसके कब्जे से 6 चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं.

22 मोबाइल और नकदी ले गए बदमाश

डूंगरा छोटा निवासी प्रहलाद दांतला ने 16 फरवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि दाहोद रोड स्थित उनकी मोबाइल दुकान के ताले टूटे मिले और अंदर सामान बिखरा हुआ था. चोर करीब 22 मोबाइल फोन 3 हजार रुपये नकद और मोबाइल एसेसरीज चुरा ले गए थे. वारदात रात के समय अंजाम दी गई थी.

विशेष टीम ने शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई. थाना प्रभारी निर्भय सिंह राणावत के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर एक संदिग्ध किशोर को डिटेन किया.

मनोवैज्ञानिक पूछताछ में टूटा किशोर

पुलिस ने किशोर से मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की तो उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया. उसकी निशानदेही पर 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए. पुलिस के अनुसार किशोर 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा है.

Advertisement

फरार साथियों की तलाश जारी

पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य साथियों और बाकी चोरी के माल की तलाश में जुटी है. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं. पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर शेष सामान भी बरामद किया जाएगा.

यह भी पढ़ें- नागौर में बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, दो दर्जन से ज्यादा घायल; तीन गंभीर जोधपुर रेफर