राजस्थान के बारां जिले में शराब की लत ने एक परिवार को उजाड़ दिया. एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी पति ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर पत्नी को मार डाला. जिस समय यह घटना हुई है, उस समय उसके तीनों बच्चे पास के एक गांव में अपनी मौसी के घर पर थे, जबकि आरोपी के माता-पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे. पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है.
20 साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के मुताबिक, 08 जून को मृतका के लीला बाई के भाई रामकल्याणा लोधा निवासी भावपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसमें उसने बताया कि उसकी बहन लीला बाई की शादी करीब 20 साल पहले नारेड़ा जागीर निवासी धर्मराज लोधा से हुई थी. दंपति के तीन बेटे हैं. आज सुबह करीब 5 बजे सूचना मिली कि धर्मराज ने उसकी बहन की कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी है.
सूचना पर परिजन नारेड़ा पहुंचे तो लीला बाई का शव घर के कमरे में पलंग पर पड़ा मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सारथल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. रिपोर्ट के आधार पर सारथल थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी. स्थानीय थाना प्रभारी धर्मपाल यादव ने बताया कि नरेदा गांव के निवासी धर्मराज लोढ़ा ने नशे की हालत में कथित तौर पर कुल्हाड़ी से वार करके अपनी पत्नी लीला देवी (30) की हत्या कर दी. दंपति के तीन बच्चे पास के एक गांव में अपनी मौसी के घर पर थे, जबकि आरोपी के माता-पिता दूसरे कमरे में सो रहे थे.
शराब पीने का आदी था आरोपी पति
थाना प्रभारी ने बताया कि घटना रविवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे तब सामने आई, जब आरोपी के माता-पिता ने पुलिस को सूचना दी. प्रारंभिक जांच में पता चला कि दिहाड़ी मजदूर धर्मराज शराब पीने का आदी था, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी धर्मराज लोधा से पूछताछ की. पूछताछ में उसने पत्नी की हत्या करना स्वीकार कर लिया.
इसके बाद पुलिस ने धर्मराज लोधा (39) निवासी नारेड़ा जागीर को गिरफ्तार कर लिया. घटना वाली रात उसने शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे मांगे थे. पैसे नहीं देने पर उसने सो रही पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी. घटनास्थल का निरीक्षण एफएसएल कोटा और एमओबी टीम बारां ने किया, आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं. पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है. (अरविंद अर्जन)
यह भी पढे़ं- पिता की पिटाई से परेशान लड़की घर से भागी, तो 3 राज्यों में हुई दरिंदगी का शिकार, फिर बनाया लुटेरी दुल्हन