2 months ago

Bharat Bandh LIVE Updates: केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आज देश की 10 बड़ी ट्रेड यूनियनों ने हुंकार भरी है. दावा है कि आज 30 करोड़ कामगार सड़कों पर होंगे. इस हड़ताल का असर बैंकिंग, बिजली, ट्रांसपोर्ट और गैस सप्लाई पर पड़ने के आसार हैं. लेकिन राजस्थान के लिए आज का दिन 'डबल टेंशन' वाला है, क्योंकि आज से ही 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं. इस लाइव ब्लॉग में हम आपको ग्राउंड जीरो से बताएंगे कि आपके शहर (जयपुर, जोधपुर, उदयपुर, कोटा आदि) में बंद का कितना असर है? कोटा में कोचिंग खुली है या नहीं? बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों के लिए ट्रांसपोर्ट की क्या स्थिति है? किस शहर में बाजार और स्कूल खुले हैं और कहां बंद का असर है? प्रशासन ने सुरक्षा के क्या इंतजाम किए हैं? ताजा अपडेट्स के लिए इस पेज को रिफ्रेश (Refresh) करते रहें.

Here Are The Live Updates of Bharat Bandh, 12 February 2026

Feb 12, 2026 20:45 (IST)

Bharat Bandh LIVE: हनुमानगढ़ में मजदूर संगठनों का जोरदार प्रदर्शन

देशव्यापी बंद के आह्वान के तहत आज हनुमानगढ़ में सीटू यूनियन सहित विभिन्न मजदूर संगठनों ने जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार नए श्रम कानूनों को श्रमिक विरोधी बताते हुए इन्हें तत्काल वापस लेने की मांग की. देशव्यापी बंद के समर्थन में बड़ी संख्या में मजदूर और यूनियन कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट परिसर के सामने पहुंचे. यहां आयोजित सभा में वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि नए श्रम कानूनों से श्रमिकों के अधिकार कमजोर होंगे और कॉरपोरेट घरानों को फायदा पहुंचेगा.

Feb 12, 2026 20:42 (IST)

Bharat Bandh LIVE: भारत बंद के समर्थन में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स की हुंकार रैली

बांसवाड़ा में संयुक्त श्रमिक मोर्चा के आह्वान पर आयोजित देशव्यापी हड़ताल और भारत बंद के समर्थन में बांसवाड़ा के मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स ने भी जोरदार प्रदर्शन किया. राजस्थान मेडिकल एंड सेल्स रिप्रेजेंटेटिव्स यूनियन (RMSRU) के बैनर तले दवा प्रतिनिधियों ने रैली निकालकर अपनी मांगों को सरकार के समक्ष रखा. बुधवार को शहर के दवा बाजार में आरएमएसआरयू के लगभग 70 सदस्य एकत्रित हुए, जहां से रैली का शुभारंभ किया गया. प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार की कथित श्रम विरोधी नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की. रैली के दौरान विशेष रूप से एसपीईए एक्ट 1976 को बहाल करने और नए श्रमिक कानूनों (लेबर कोड) को वापस लेने की मांग उठाई गई.

Advertisement
Feb 12, 2026 19:05 (IST)

Bharat Bandh LIVE: खेतड़ी खदान के श्रमिकों ने किया कार्य बहिष्कार

झुंझुनूं में एचसीएल की खेतड़ी खदान में श्रमिकों ने विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार किया. केटीएसएस श्रमिक संगठन के बैनर तले आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल हुए. केटीएसएस के महामंत्री बिड़दूराम सैनी के नेतृत्व में श्रमिक केसीसी प्रोजेक्ट के मुख्य गेट पर एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया. श्रमिकों ने निर्णय लिया कि वे प्रत्येक पारी में दो-दो घंटे का कार्य बहिष्कार करेंगे. यह आंदोलन केन्द्रीय श्रम संगठनों के राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत किया जा रहा है. श्रमिक नेताओं का कहना है कि जब तक उनकी विभिन्न मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. 

Feb 12, 2026 16:14 (IST)

Bharat Bandh LIVE: सीकर में देशव्यापी हड़ताल का असर, कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन

केंद्रीय ट्रेड यूनियन के संयुक्त मंच के देशव्यापी हड़ताल के आह्वान पर आज सीकर जिले में विभिन्न क्षेत्र से जुड़े ट्रेड यूनियन संगठनों के हजारों मजदूरों ने हड़ताल रखें श्रम विरोधी चार लेबर कोड रद्द करने सहित अन्य मांगों को लेकर अपना विरोध जताया. विभिन्न ट्रेड यूनियन के पदाधिकारी और मजदूरों ने सीकर में भी हड़ताल रख जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर केंद्र सरकार का पुतला फूंका. प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम मजदूर विरोधी चार लेबर कोड रद्द करने सहित अन्य मांगों का ज्ञापन कलक्टर को सौंपा.

Feb 12, 2026 16:12 (IST)

Bharat Bandh LIVE: रींगस में डोनाल्ड ट्रंप का पूतला फूंका

अखिल भारतीय किसान सभा तहसील कमेटी रीगंस ने अखिल भारतीय ट्रेड यूनियन के राष्ट्रीय आव्हान आम हड़ताल का समर्थन करते हुए,केन्द्र सरकार व राज्य सरकार द्वारा किसान, मजदूर, शिक्षा विरोधी बजट पेश करने पर व मोदी सरकार द्वारा अमेरिका से किया गया व्यापार समझोता के विरोध में व मनरेगा कानून ख़त्म करने के विरोध में किसान सभा के तहसील अध्यक्ष केशाराम धायल एवं तहसील सचिव भूदाराम बगडिया के नेतृत्व में रीगंस के मील तिराहे ( शहीद भगत सिंह सर्किल) पर अमेरिकन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प व सरकार का पुतला दहन किया. 

Feb 12, 2026 14:17 (IST)

Bharat Bandh LIVE Updates: अलवर में रोडवेज बस सेवाओं पर आंशिक असर

अलवर बस स्टैंड पर आज राष्ट्रीय व्यापी हड़ताल के समर्थन में राजस्थान स्टेट रोडवेज एम्प्लॉइज यूनियन के बैनर तले रोडवेज कर्मचारियों ने सुबह 11 बजे से धरना प्रदर्शन शुरू किया. धरने के दौरान कर्मचारियों ने केंद्र सरकार द्वारा लाए गए श्रम कोड बिलों का विरोध करते हुए इन्हें मजदूर विरोधी बताया और वापस लेने की मांग की. 

यूनियन पदाधिकारियों का कहना है कि कोड बिल लागू होने से कर्मचारियों के मौलिक अधिकार, नौकरी की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा और काम के घंटे प्रभावित होंगे. 

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया. 

यूनियन की ओर से तेजपाल सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले भी कोड बिल के विरोध में कई बार प्रदर्शन और ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन सरकार ने अभी तक कर्मचारियों की मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया है. इसी कारण राष्ट्रीय स्तर पर हड़ताल का आह्वान किया गया है, जिसके तहत अलवर बस स्टैंड पर भी धरना दिया जा रहा है.

धरने के चलते रोडवेज बस सेवाओं पर आंशिक असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है.

Advertisement
Feb 12, 2026 14:16 (IST)

Bharat Bandh LIVE: उदयपुर में टाउन हॉल से कलेक्ट्री तक गूंजे नारे

केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में आज उदयपुर में विभिन्न संगठनों ने जिला कलेक्ट्री पर विरोध प्रदर्शन किया. बड़ी संख्या में पहुंचे प्रदर्शकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. प्रदर्शन में मजदूर किसान, ठेला व्यवसायी और बैंककर्मी मौजूद रहे.

इससे पहले शहर के टाउन हाल से रैली निकल उदयपुर कलेक्ट्री पहुंचे थे. 

संगठनों के पदाधिकारीयो ने कहा कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों से आम लोगों का जीवन मुश्किल होता जा रहा है. एक तरफ महंगाई की मार बढ़ती जा रही है दूसरी तरफ निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है. ऐसे में विभिन्न संगठनो के लोग टाउन हॉल से रैली के रूप में कलेक्ट्री पहुंचे जहां प्रदर्शन राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा.

Feb 12, 2026 11:55 (IST)

Bharat Bandh Impact in Jaipur: जयपुर में भारत बंद का कितना असर है?

स्थानीय संवाददाता के मुताबिक, जयपुर में सांगानेर, बापू बाजार, झोटवाड़ा, चांदपोल, राजा पार्क, आर्दश बाजार समेत सभी बाजारों में रोनक है. कहीं भी भारत बंद का असर नहीं है. ज्यादातर लोगों को बंद के बारे में पता भी नहीं है.

Advertisement
Feb 12, 2026 11:16 (IST)

Bharat Bandh LIVE: जयपुर ग्रामीण और डीडवाना में बंद का कोई असर नहीं

राजस्थान के जयपुर ग्रामीण और डीडवाना में भारत बंद बेअसर नजर आ रहा है.

Feb 12, 2026 10:26 (IST)

Bharat Bandh LIVE Updates: जोधपुर में आज बैंक और LIC की हड़ताल

जोधपुर के सोजती गेट स्थित मजदूर मैदान में आज जिले भर के बैंक और एलआईसी कर्मचारी जुटने वाले हैं. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस और एलआईसी संगठनों के आह्वान पर यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है.

Feb 12, 2026 09:48 (IST)

Bharat Bandh LIVE Updates: भीलवाड़ा में 10:30 प्रदर्शन करेंगे बैंक कर्मचारी

राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में बंद का अभी तक असर दिखाई नहीं दे रहा है. हालांकि सुबह 10.30 बजे हेडपोस्ट आफिस पर बैंक कर्मचारियों का प्रदर्शन होने वाला है.

Feb 12, 2026 09:29 (IST)

Bharat Bandh LIVE: क्या नागौर और भरतपुर में भारत बंद का असर है?

स्थानीय संवाददाता के मुताबिक, नागौर और भरतपुर में अभी तक भारत बंद का असर देखने को नहीं मिला है. स्कूल, कॉलेज, बाजार खुले हैं.

Feb 12, 2026 09:24 (IST)

Bharat Bandh LIVE News: श्रीगंगानगर में मंडर में काम बंद रखेंगे मजदूर

स्थानीय संवादाता के मुताबिक, राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में भारत बंद का कोई असर नहीं दिख रहा है. यहां सिर्फ मंडी में मजदूर काम बंद रखेंगे. बाकी सभी दुकानें, स्कूल खुले हैं. यातायात भी प्रभावित नहीं है.

Feb 12, 2026 09:22 (IST)

Bharat Bandh Today LIVE: सवाई माधोपुर में क्या भारत बंद का असर दिख रहा है?

स्थानीय संवाददाता के अनुसार, राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में अभी तक भारत बंद का असर देखने को नहीं मिला है. स्कूल, कॉलेज, बाजार सहित सभी प्रतिष्ठान रोजाना की तरह की खुले हैं.

Feb 12, 2026 09:18 (IST)

Bharat Bandh LIVE Updates: उदयपुर में भारत बंद बेअसर, डूंगरपुर में कर्मचारी करेंगे हड़ताल

ग्राउंड जीरो पर मौजूद NDTV के संवाददाता के मुताबिक, उदयपुर में भारत बंद बेअसर होता दिख रहा है. वहीं, डूंगरपुर में आज कर्मचारी संयुक्त महासंघ की हड़ताल होने जा रही है. कुछ ही देर बाद कर्मचारियों का ग्रुप शहर के नेहरू पार्क में इकट्ठा होगा. इसके बाद वहां से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली जाएगी.

Feb 12, 2026 09:15 (IST)

Bharat Bandh LIVE: चित्तौड़गढ़, अजमेर और दौसा में भारत बंद का कितना असर है?

स्थानीय संवाददाता के अनुसार, राजस्थान के चित्तौड़गढ़, अजमेर और दौसा जिले में भारत बंद का असर नहीं दिख रहा है. रोजाना की तरह वहां बाजार और स्कूल खुले हुए हैं. लोगों को यातायात संबंधी की किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हो रही है. अभी तक सबकुछ समान्य है.

Feb 12, 2026 09:10 (IST)

Aaj Bharat Band Kyon Hai: आज भारत बंद क्यों है?

आज (12 फरवरी 2026) भारत बंद का आह्वान मुख्य रूप से केंद्र सरकार की मजदूर-विरोधी और किसान-विरोधी नीतियों के विरोध में किया गया है. यह आंदोलन 'आजाद भारत की सबसे बड़ी औद्योगिक हड़ताल' के रूप में देखा जा रहा है, जिसमें करीब 30 करोड़ कामगारों के शामिल होने का दावा है.

इस हड़ताल के मुख्य कारण नीचे दिए गए हैं:-

1. 4 नए लेबर कोड्स (Labour Codes) का विरोध

10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों का आरोप है कि सरकार ने 29 पुराने श्रम कानूनों को बदलकर जो 4 नए लेबर कोड्स लागू किए हैं, वे मजदूरों के अधिकारों को कमजोर करते हैं. इससे:

  • कंपनियों को कर्मचारियों को निकालने (Hire and Fire) में ज्यादा छूट मिलेगी.
  • नौकरी की सुरक्षा (Job Security) कम होगी.
  • यूनियन बनाने और हड़ताल करने के अधिकार सीमित हो जाएंगे.

2. निजीकरण और 100% FDI

यूनियनें बीमा (Insurance) क्षेत्र में 100% एफडीआई की अनुमति देने और सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों (PSUs) के निजीकरण का विरोध कर रही हैं. उनका मानना है कि इससे देश की आर्थिक संप्रभुता को खतरा है.

3. किसानों की मांगें और ट्रेड डील

संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) भी इस बंद का समर्थन कर रहा है। किसानों की मुख्य आपत्तियां हैं:

  • भारत-अमेरिका व्यापार समझौता (India-US Trade Deal): किसानों को डर है कि इससे अमेरिकी डेयरी और कृषि उत्पाद भारतीय बाजार में आ जाएंगे, जिससे स्थानीय किसानों को भारी नुकसान होगा.
  • ड्राफ्ट सीड बिल और बिजली संशोधन विधेयक 2025: इन्हें किसान-विरोधी माना जा रहा है.

4. पुरानी पेंशन योजना (OPS) और रोजगार

  • OPS की बहाली: बिजली कर्मचारियों और अन्य सरकारी कर्मियों की बड़ी मांग है कि 'न्यू पेंशन स्कीम' की जगह 'पुरानी पेंशन योजना' (OPS) को फिर से लागू किया जाए.
  • मनरेगा (MGNREGA): ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के फंड में कटौती और नियमों में बदलाव का विरोध.
  • स्थायी भर्ती: आउटसोर्सिंग बंद कर खाली पड़े सरकारी पदों पर नियमित भर्ती की मांग.

5. शांति (SHANTI) एक्ट का विरोध

परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में निजी और विदेशी निवेश की अनुमति देने वाले नए 'SHANTI' एक्ट को भी खतरनाक और कॉरपोरेट-समर्थक बताकर इसका विरोध किया जा रहा है.

Feb 12, 2026 08:47 (IST)

Bharat Band on 12 Feb LIVE: कोटा में कोचिंग खुली है या नहीं?

भारत बंद का असर कोटा की कोचिंग इंडस्ट्री पर नहीं पड़ा है. कोटा में रोजना की तरह ही क्लास चल रही हैं और स्टूडेंट्स बिना किसी परेशानी के आ जा पा रहे हैं.

Feb 12, 2026 08:44 (IST)

Bharat Bandh Today LIVE: अनूपगढ़ में क्या है हाल?

अनूपगढ़ से राहत भरी खबर आ रही है. यहां बंद का असर बेअसर साबित हो रहा है. स्कूल, कॉलेज और बाजार पूरी तरह खुले रहेंगे. बंद का आह्वान केवल मजदूर वर्ग तक सीमित है, जिन्होंने आज काम न करने का फैसला लिया है. यानी आम जनता और स्टूडेंट्स को घबराने की जरूरत नहीं है.

आज सुबह 11 बजे बड़ी संख्या में मजदूर SDM कार्यालय का घेराव करेंगे. SDM कार्यालय के घेराव के दौरान सभा का भी आयोजन किया जाएगा. 

मजदूर मुख्य रूप से लेबर कोड्स, ड्राफ्ट सीड्स बिल, बिजली संशोधन विधेयक और SHANTI ACT का विरोध कर रहे हैं.

मनरेगा बहाली, स्मार्ट मीटर योजना को बन्द करने और बढ़ रहे नशे पर अंकुश लगाने की भी वे मांग कर रहे हैं. 

मजदूर आंदोलन को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है.