भरतपुर के हलैना में एक टीचर की मौत हो गई. मृतक भवानी सिंह (39) मूल रूप से झुंझुनू का निवासी था. जिले की नवलगढ़ तहसील के ढाका की ढाणी गांव का रहने वाला शिक्षक हलैना में कार्यरत था. उसकी पोस्टिंग बेवर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल में थी. 28 मई को जनगणना का काम कर लौटा था. भवानी सिंह किराए के घर में रहता था. शिक्षक दिनभर जनगणना का काम पूरा कर देर शाम घर लौटा था. घर आने के कुछ ही देर बाद भवानी अस्वस्थ महसूस करने लगे.
पड़ोसियों और मकान मालिक ले गए हॉस्पिटल
अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मकान मालिक और पड़ोसियों ने उन्हें तुरंत कस्बे के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया. लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद भवानी सिंह को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार, मौत का प्राथमिक कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है.
झुंझुनू से भरतपुर पहुंचे परिजन
घटना की सूचना तुरंत उनके परिजनों को दी गई. सूचना मिलने पर 29 मई को झुंझुनू से उनके परिवारजन हलैना पहुंचे. परिजनों ने हलैना थाना में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई. थाना प्रभारी बिजेंद्र सिंह ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और पूरी घटना की जानकारी ली.
परिजनों ने थाने में मामला दर्ज कराया.
शिक्षा विभाग ने जताया दुख
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. शिक्षक की अचानक मौत से बेवर स्कूल के स्टाफ, विद्यार्थियों और हलैना कस्बे में लोग हैरान हैं. शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी घटना पर दुख जताया है.
यह भी पढ़ेंः पिता की हत्या के बाद बेफिक्री के साथ चाय पीता रहा बेटा, 'तिजोरी की चाबी' बनी बहन की मौत की वजह