Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के करेड़ा थाने में शुक्रवार को एक दुखद घटना सामने आई. यहां तैनात 50 वर्षीय कांस्टेबल कैलाश चंद्र मीणा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. बताया जा रहा है कि उन्हें साइलेंट अटैक आया था.
कमरे में गए और फिर नहीं लौटे
कांस्टेबल कैलाश चंद्र सुबह ड्यूटी के लिए तैयार होकर थाने पहुंचे थे. कुछ समय बाद वह अपने कमरे में वापस गए. इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी और साइलेंट अटैक आने से उनकी जान चली गई.
साथी पुलिसकर्मियों ने पहुंचाया अस्पताल
जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो साथी पुलिसकर्मियों को शक हुआ. तुरंत उन्हें करेड़ा के सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
जयपुर के जमवारामगढ़ के रहने वाले थे
कैलाश चंद्र मीणा जयपुर जिले के जमवारामगढ़ क्षेत्र के निवासी थे. वह करेड़ा थाने में पुलिस वाहन चालक के रूप में तैनात थे और ड्यूटी के कारण अकेले ही यहां रहते थे. मृतक के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं. उनका पूरा परिवार पैतृक गांव में रहता है. इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. अंतिम संस्कार के लिए पुलिस की ओर से सम्मान भी दिया गया.
पुलिस विभाग में शोक की लहर
कैलाश चंद्र की अचानक मौत से भीलवाड़ा पुलिस में गहरा शोक है. उनके अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस लाइन से एक जवान भी साथ भेजा गया, ताकि उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी जा सके.
यह भी पढ़ें- Rajasthan: राजस्थान के 30 लाख बीजेपी कार्यकर्ताओं की होगी परीक्षा, AI और सोशल मीडिया की ट्रेनिंग देगी पार्टी