भीलवाड़ा में खेल का झगड़ा बना खून की लड़ाई, पिता की कुल्हाड़ी से हत्या

भीलवाड़ा जिले में बच्चों के मामूली झगड़े ने खतरनाक रूप ले लिया, जब दोनों परिवार आमने-सामने आ गए. विवाद इतना बढ़ा कि कुल्हाड़ी से हमला हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
भीलवाड़ा जिले में बच्चों के मामूली झगड़े में पिता की मौत हो गई.

Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के फुलियाकला उपखंड के कनेछनकला गांव में शुक्रवार शाम एक साधारण घटना ने भयावह मोड़ ले लिया. रोज की तरह दो पड़ोसी परिवारों के बच्चे साथ खेल रहे थे, तभी खेल-खेल में उनके बीच मामूली कहासुनी हो गई. पहले यह विवाद छोटा था, लेकिन धीरे-धीरे यह इतना बढ़ गया कि दोनों परिवारों के बीच तनाव पैदा हो गया.

बड़ों के दखल से बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि बच्चों के झगड़े से नाराज होकर एक पक्ष की महिला दूसरे के घर उलाहना देने पहुंची. वहां दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई. बात इतनी बढ़ गई कि आरोप-प्रत्यारोप होने लगे और माहौल तनावपूर्ण हो गया. कुछ ही देर में दोनों परिवारों के सदस्य और रिश्तेदार भी मौके पर इकट्ठा हो गए, जिससे विवाद और भड़क गया.

Advertisement

देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदला मामला

रात होते-होते यह बहस हिंसक झड़प में बदल गई. दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी हाथापाई में बदल गई. गुस्से में आकर लोगों ने लकड़ी और कुल्हाड़ी तक उठा ली. इसी दौरान कुल्हाड़ी के वार में 35 वर्षीय प्रेमचंद तेली गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. वहीं दूसरे पक्ष के गणेशलाल भी इस झगड़े में बुरी तरह घायल हो गए.

अस्पताल में मौत, गांव में पसरा सन्नाटा

घायल प्रेमचंद को तुरंत फूलियाकला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. दूसरी ओर गंभीर रूप से घायल गणेशलाल को पहले शाहपुरा अस्पताल ले जाया गया और हालत नाजुक होने पर भीलवाड़ा रेफर किया गया. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और डर का माहौल बन गया है.

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम जारी

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया. थाना प्रभारी राजकुमार नायक के अनुसार, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

यह भी पढ़ें- Jaipur: सीवरेज में सफाईकर्मियों की मौत पर खाचरियावास ने खड़े किए सवाल, मृतक के परिजनों के लिए 1 करोड़ मुआवजे की डिमांड

Advertisement
Topics mentioned in this article