भीलवाड़ा में प्रेमिका से मिलने गए युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से झुलसा

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक को जिंदा जलाने की कोशिश की गई. युवती के रिश्तेदारों ने पेट्रोल छिड़ककर हमला किया जिससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
भीलवाड़ा जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर एक युवक को जिंदा जलाने की कोशिश की गई.

Rajasthan News: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां प्रेम प्रसंग से नाराज लोगों ने एक युवक को जिंदा जलाने की कोशिश की. यह घटना बिजोलिया थाना क्षेत्र के मंडोल गांव की है. युवक अपनी प्रेमिका से मिलने गया था लेकिन वहां उसे जानलेवा हमले का सामना करना पड़ा.

युवती के भाई ने देखा साथ में

जानकारी के अनुसार फतेहपुरा डाबी निवासी 18 वर्षीय दिलीप बंजारा गुरुवार को मंडोल गांव में एक युवती से मिलने पहुंचा था. किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना युवती के भाई को दे दी. शुक्रवार को जब भाई गांव पहुंचा और बहन को युवक के साथ देखा तो वह गुस्से में आ गया.

कहासुनी के बाद पेट्रोल डालकर आग

युवती के भाई और युवक के बीच पहले कहासुनी हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवक पर पेट्रोल छिड़क दिया गया. आरोप है कि इसी दौरान उसकी बाइक को भी आग के हवाले कर दिया गया. आग लगते ही युवक चीखने लगा और मौके पर अफरा तफरी मच गई.

30 प्रतिशत तक झुलसा युवक

इस हमले में दिलीप बंजारा करीब 30 प्रतिशत तक झुलस गया. उसके हाथ पैर और पीठ बुरी तरह जल गए जबकि उसकी बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई. आसपास मौजूद लोगों ने धुआं उठता देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी.

Advertisement

अस्पताल में भर्ती युवक

घायल युवक को तुरंत उप जिला चिकित्सालय बिजोलिया ले जाया गया. वहां डॉक्टर अंसार खान ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भीलवाड़ा रेफर कर दिया. फिलहाल युवक का इलाज जारी है.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही बिजोलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. कांस्टेबल दलवीर ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ लग रहा है. पुलिस ने घायल युवक के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है. इस घटना के बाद मंडोल गांव में दहशत का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

यह भी पढ़ें- अजमेर: भाजपा मंडल अध्यक्ष से विवाद पड़ा भारी, केकड़ी नगर पालिका के सहायक अभियंता पर गिरी गाज