विज्ञापन

जालोर को बड़ी सौगात: जोधपुर-साबरमती ट्रेन अब जैसलमेर तक, सफर और होगा आसान

जालोर क्षेत्र के लोगों के लिए यह लंबे समय से प्रतीक्षित मांग थी, जो अब पूरी होती नजर आ रही है. इससे जालोर के लोगों को सुव‍िधा म‍िलेगी. 

जालोर को बड़ी सौगात: जोधपुर-साबरमती ट्रेन अब जैसलमेर तक, सफर और होगा आसान
जालोर रेलवे स्टेशन.

जालोर जिले के रेल यात्रियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. रेल मंत्रालय ने जोधपुर–साबरमती सुपरफास्ट ट्रेन का विस्तार अब जैसलमेर तक करने की मंजूरी दे दी है. इस फैसले से जालोर सहित पूरे क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा, और पश्चिमी राजस्थान की कनेक्टिविटी मजबूत होगी. 

रोज साबरमती से चलेगी ट्रेन  

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, प्रस्तावित नई व्यवस्था के तहत ट्रेन संख्या 20486 अब साबरमती–जैसलमेर एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी. यह ट्रेन रोजाना सुबह 7 बजे साबरमती से रवाना होकर दोपहर 2:55 बजे जोधपुर पहुंचेगी. इसके बाद 3:10 बजे जोधपुर से रवाना होकर रात 8:30 बजे जैसलमेर पहुंचेगी. 

वापसी में ट्रेन संख्या 20485 जैसलमेर–साबरमती सुपरफास्ट सुबह 6:30 बजे जैसलमेर से चलेगी. 11:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी, और 11:50 बजे वहां से रवाना होकर रात 8 बजे साबरमती पहुंचेगी. 

जालोर के यात्रियों को होगी सुविधा 

इस ट्रेन का मार्ग जालोर से होकर गुजरता है, जिससे यहां के यात्रियों को सीधे जैसलमेर तक यात्रा करने की सुविधा मिलेगी. अब तक यात्रियों को जोधपुर या अन्य स्टेशनों पर बदलना पड़ता था, लेकिन इस विस्तार के बाद सफर और भी सुगम हो जाएगा. 

रेलवे बोर्ड ने इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है, और जल्द ही इसके संचालन की आधिकारिक तारीख भी घोषित की जाएगी. इस फैसले से पर्यटन, व्यापार और स्थानीय आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है, खासकर जैसलमेर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल तक सीधी पहुंच बनने से यात्रियों की संख्या में भी इजाफा होगा. 

यह भी पढ़ें:  राजस्‍थान में बार‍िश और अत‍िवृष्‍ट‍ि से फसल चौपट, CM भजनलाल शर्मा ने कर द‍िया ऐलान 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close