बांसवाड़ा में खूनी संघर्ष: बाइक नहीं देने पर चाचा ने भतीजे पर कुल्हाड़ी से किया हमला,  हालत गंभीर

चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी. घायल को पहले तलवाड़ा के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Banswara News: बांसवाड़ा के सदर थाना क्षेत्र के चोबीसों का पाड़ला गांव में शनिवार देर रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. बाइक देने से इनकार करने पर भड़के चाचा ने अपने सगे भतीजे पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया. हमले में युवक की आंख के पास गहरा घाव हुआ है. गंभीर हालत में उसे उदयपुर रेफर किया गया है.

घायल युवक के परिजनों के अनुसार, राकेश गरासिया पुत्र लालू शनिवार रात अपने घर पर था. इसी दौरान उसका चाचा किसी काम से बाहर जाने के लिए बाइक मांगने पहुंचा. राकेश ने किसी नशे मे होने से बाइक देने से मना कर दिया. इस बात से नाराज होकर चाचा ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और राकेश पर वार कर दिया. वार उसकी आंख के ठीक पास लगा, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा.

एंबुलेंस से अस्पताल, फिर किया गया रेफर

चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी. घायल को पहले तलवाड़ा के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया. एमजी अस्पताल में डॉक्टरों ने घाव गहरा और स्थिति गंभीर देखते हुए शनिवार रात को ही उसे बेहतर उपचार के लिए उदयपुर भेज दिया.

पुलिस रिपोर्ट का इंतजार

घटना को लेकर सदर थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है. रिपोर्ट मिलने के बाद ही मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

यह भी पढ़ें- कबूतरबाजी के नाम पर लाखों का सट्टा, 42 कोलंबिया कबूतर रेस्क्यू,; तीन आरोपी गिरफ्तार