राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एक आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए एक अलग ही तरकीब निकाली. पुलिस जब उसे पकड़ने पहुंची तो वह बेड के अंदर घुसकर बंद हो गया. लेकिन उसकी बचने की यह कोशिश नाकाम हो गई. सिंघाना थाना पुलिस ने आरोपी को फिल्मी अंदाज में गिरफ्तार किया. इस घटना का वीडियो भी बनाया गया और इसमें दिख रहा है कि आरोपी के घर पर क्या हुआ और पुलिस ने उसे कैसे गिरफ्त में लिया. आरोपी का नाम राहुल सैनी है और उसके ऊपर उत्तर प्रदेश के एक किसान से आम खरीदकर उसके 90 हजार रुपए हड़पने का आरोप है.
किसान के पैसे देने से किया इनकार
सिंघाना थानाधिकारी ने बताया कि राहुल सैनी के बारे में उत्तर प्रदेश के एक किसान शराफत अली ने शिकायत दर्ज करवाई थी. उसने आरोप लगाया था कि उसने किसान से आम मंगवाने के बाद करीब 90 हजार रुपये की ठगी की और पैसे देने से इनकार कर दिया. पीड़ित किसान की शिकायत पर मामला दर्ज होने के बाद सिंघाना थाना पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी. आखिर थानाधिकारी सुगन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर दबिश दी.
आरोपी को खोजने के लिए पुलिस ने पूरा घर छान मारा
Photo Credit: NDTV
पुलिस को देखकर आरोपी घर में रखे बेड के अंदर कपड़ों के नीचे छिप गया. हालांकि, पुलिस की सतर्कता के आगे उसकी चालाकी ज्यादा देर नहीं चल सकी. तलाशी के दौरान पुलिस ने घर की गहन तलाशी ली और आखिरकार आरोपी को बेड के भीतर से खोजकर गिरफ्तार कर लिया. यह सारी घटना वीडियो में रिकॉर्ड की गई है.
पहले भी चेक हुआ था बाउंस
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ करीब एक वर्ष पहले चेक बाउंस का मामला भी दर्ज हो चुका है. पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं.पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर अन्य खुलासे होने की संभावना है.
ये भी पढ़ें-: IPS कांबले शरण गोपीनाथ का बड़ा एक्शन, रातों-रात ASI समेत 4 पुलिसकर्मियों को कर दिया निलंबित