Rajasthan News: राजस्थान सरकार ने पहले ही पुलिस-प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई लगातार की जाए. नशा तस्करों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाए. ऐसे में पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है. इसी के तहत हनुमानगढ़ टाउन में नशा तस्करों के खिलाफ जिला पुलिस का सख्त रुख देखने को मिला. टाउन थाना पुलिस ने नगर परिषद के सहयोग से एक कुख्यात नशा तस्कर के अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया.
गली पर अवैध कब्जा कर निर्माण
टाउन थाना अधिकारी अशोक बिश्नोई ने बताया कि नशा तस्कर शौकत अली उर्फ खट्टू के खिलाफ नशा तस्करी से जुड़े और अन्य कई तरह की धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. आरोप है कि उसने टाउन के रूपनगर इलाके में गली पर अवैध कब्जा कर निर्माण कर रखा था, जिससे आम लोगों को भी परेशानी हो रही थी.
बुलडोजर से ध्वस्त किया गया अतिक्रमण
पुलिस ने नगर परिषद की टीम के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए बुलडोजर की मदद से अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त करवा दिया. कार्रवाई के दौरान टाउन पुलिस का जाब्ता भी मौके पर तैनात रहा ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो.
थानाधिकारी अशोक बिश्नोई ने कहा कि जिला पुलिस एसपी हरीशंकर के निर्देशन में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे ही कई और अपराधियों द्वारा किए गए अवैध निर्माणों को चिह्नित किया जा रहा है और आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी.
टाउन पुलिस के अनुसार आने वाले समय में भी जिले में नशा तस्करी से जुड़े अपराधियों की संपत्तियों और अवैध अतिक्रमणों पर इसी तरह की कार्रवाई की जा सकती है, ताकि अपराधियों पर कड़ी नकेल कसी जा सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे.
यह भी पढ़ेंः TRAI अधिकारी बनकर लोगों को लूट रहे साइबर ठग, पुलिस ने जारी की गाइडलाइन