Rajasthan: शादी का एग्रीमेंट करवाया, बूंदी के युवक संग 2 दिन रही... पगफेरे के बहाने जेवर लेकर भाग गई लुटेरी दुल्हन

कोर्ट में 500 रुपए के स्टाम्प पेपर पर लिव-इन रिलेशनशिप का इकरारनामा और 100 रुपए के स्टाम्प पर प्रतिज्ञा पत्र भी तैयार किया गया. इसके बाद महिला युवक के साथ 2 दिन तक रही. बाद में पीहर में पगफेरे की रस्म निभाने के बहाने जेवर लेकर महिला भाग गई.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
बूंदी में शादी के बहाने युवक से ठगी

राजस्थान के बूंदी जिले में नैनवां कस्बे में शादी का झांसा देकर युवक से सोने-चांदी के जेवर ठगने का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि कोर्ट में 500 रुपये के स्टांप पेपर पर लिव-इन रिलेशनशिप का इकरारनामा और 100 रुपये स्टांप पेपर प्रतिज्ञा पत्र भी तैयार करवाया गया. पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि झारखंड की एक महिला से शादी कराने का भरोसा दिलाकर उसे जाल में फंसाया गया और बाद में महिला जेवर लेकर फरार हो गई. मामले में नैनवां थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 

स्टांप पेपर लिखवाया इकरारनामा

पीड़ित देवचन्द पुत्र छीतरलाल गुर्जर निवासी टोडापोल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि नैनवां निवासी किशन साहू ने उससे संपर्क कर झारखंड की लड़की से शादी कराने की बात कही थी. किशन ने भरोसा दिलाया कि वह उसकी शादी आसानी से करवा देगा. इस दौरान देवचन्द को विश्वास में लेकर पूरी योजना तैयार की गई. इसके बाद किशन साहू ने झारखंड निवासी सुशीला देवी और मुकेश नामक युवक को नैनवां बुलाया. यहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत करवाई गई. नैनवां कोर्ट में 500 रुपए के स्टाम्प पेपर पर लिव-इन रिलेशनशिप का इकरारनामा और 100 रुपए के स्टाम्प पर प्रतिज्ञा पत्र भी तैयार कराया गया.

Advertisement

फ्रेश होने गया देवचंद तो गायब हो गई सुशीला

इसके बाद सुशीला देवी दो दिन तक देवचन्द के साथ रही. पीड़ित के अनुसार, 20 मई को किशन और सुशीला ने कहा कि पीहर में पगफेरे की रस्म निभाने के लिए जाना होगा और वहां जेवर पहनकर जाना जरूरी है. इस पर देवचन्द ने अपनी मां के सोने-चांदी के जेवर महिला को दे दिए. इन जेवरों में एक तोला सोने की टोकरी, आधा तोला सोने का मंगलसूत्र, 500 ग्राम चांदी की पायजेब, तीन पाव चांदी की कणकती और नाक का सोने का लॉन्ग-बिछिया शामिल थे. 18 मई 2026 को देवचन्द और सुशीला ट्रेन से झारखंड के लिए रवाना हुए. गया रेलवे स्टेशन पर उतरने के बाद देवचन्द फ्रेश होने चला गया. जब वह वापस लौटा तो सुशीला अचानक गायब मिली.

मोबाइल फोन बंद आने पर हुआ ठगी का अहसास

काफी तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगा. इसके बाद किशन, सुशीला और मुकेश के मोबाइल फोन भी बंद आने लगे, जिससे युवक को ठगी का एहसास हुआ. पीड़ित ने गया रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में दो दिन तक महिला की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इसके बाद वह कोटा लौटा और नैनवां थाने में पहुंचकर मामला दर्ज कराया. युवक ने पुलिस से मां के जेवर बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. नैनवां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढे़ं- 

VIDEO: पापा ने मां को मारा, टीवी तोड़ा... जयपुर में अनु मीणा के बेटे ने सुनाई पिता की दरिंदगी की कहानी

दहेज प्रताड़ना से परेशान अनु मीणा ने 7 अप्रैल को क‍िया सुसाइड, 38 दिन बाद FIR; आखिर इतनी देरी क्‍यों?

Advertisement