VIDEO: पहले भगवान को किया दंडवत प्रणाम, फिर चोर ने मंदिर की थाली से उड़ाए पैसे

बूंदी के बाछोला गांव में बालाजी मंदिर का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें एक युवक मंदिर में चोरी से पहले और बाद में भगवान को दंडवत प्रणाम करता नजर आ रहा है. 

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
बूंदी के बालाजी मंदिर में चोरी का एक वीडियो वायरल हो रहा है.

Rajasthan News: राजस्थान के बूंदी जिले के नैनवां उपखंड में स्थित बाछोला गांव का प्रसिद्ध 'ग्वाला का बालाजी मंदिर' इस समय चर्चा का विषय बना हुआ है. वजह है वहां हुई एक ऐसी चोरी जिसने न केवल स्थानीय लोगों को बल्कि पूरे इलाके को सकते में डाल दिया है. मंदिर में हुई इस वारदात का जो वीडियो सामने आया है वह वाकई में हैरान करने वाला है. जहां चोर चोरी करने से पहले भगवान से मांफी मांग रहा है. 

भगवान से मांगी माफी या दिखाया दिखावा

दोपहर के समय सफेद टी-शर्ट पहने एक युवक मंदिर के अंदर दाखिल होता है. वह किसी आम श्रद्धालु की तरह पहले भगवान बालाजी के सामने हाथ जोड़ता है और फिर श्रद्धा के साथ दंडवत प्रणाम करता है. मंदिर की पवित्रता को देखते हुए किसी को अंदाजा भी नहीं था कि यह व्यक्ति किसी गलत इरादे से आया है. आसपास कोई नहीं है यह सुनिश्चित करने के बाद उस युवक ने पुजारी की थाली में रखी नकदी पर अपना हाथ साफ कर दिया.

Advertisement

हैरान करने वाली बात यह है कि चोरी करने के तुरंत बाद उसने एक बार फिर भगवान के सामने तीन बार दंडवत प्रणाम किया जैसे कि वह अपनी इस हरकत के लिए माफी मांग रहा हो. उसके तुरंत बाद उसका एक साथी भी वहां पहुंचता है और दोनों बाहर निकल जाते हैं.

सुरक्षा पर उठे सवाल

मंदिर परिसर की सुरक्षा के लिए वहां 10 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं जिनकी मदद से यह पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई. इस घटना ने ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और चिंता पैदा कर दी है. ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल पैसों की चोरी नहीं है बल्कि हमारी आस्था के साथ खिलवाड़ है. पहले चोरों का निशाना घर या दुकानें होती थीं लेकिन अब मंदिरों की दान राशि भी सुरक्षित नहीं बची है. 

मंदिर समिति ने अब पुजारी और प्रबंधन को दान की राशि और सुरक्षा को लेकर बेहद सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. फिलहाल समिति और गांव के लोग सीसीटीवी फुटेज के जरिए उन युवकों की पहचान करने में जुटे हैं. इस पूरे मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है.

यह भी पढ़ें- जयपुर एयरपोर्ट का CII चैंपियंस ट्रॉफी ऑन इंडस्ट्री 4.0 में जलवा, तकनीक और नवाचार में मिले 3 अवॉर्ड

Advertisement