पुष्कर की किलर Fortuner का आया CCTV वीडियो, इकलौते बेटे की तस्वीर से लिपटकर रोती रही मां, 4 बहनें

हादसे के तीन दिन बाद भी इस फॉर्च्यूनर और उसे चला रहे ड्राइवर को बरामद नहीं किया जा सका है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
मृतक रवि अपनी मां सुशीला का इकलौता बेटा था
NDTV

राजस्थान के अजमेर जिले में सोमवार, 18 मई को एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने पुष्कर घाटी के एक खतरनाक मोड़ पर सामने से आ रही तीन बाइकों को धक्का मार दिया था. इस दर्दनाक हादसे में अजमेर के एक युवक रवि कुमार की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिनका इलाज चल रहा है. मारा गया युवक रवि अपनी मां और चार बहनों का अकेला सहारा था. उसके परिजन अब न्याय की मांग कर रहे हैं. इस बीच अब इस फॉर्च्यूनर का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है. 

मृत युवक के घर में मातम

अजमेर के धोलाभाटा के निवासी, 34 वर्षीय रवि कुमार की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. मंगलवार, 20 मई को घर के बाहर लगे रवि के उठावने में मातम पसरा रहा. मां सुशीला बेटे की तस्वीर पर फूलों का हार चढ़ा देख खुद को संभाल नहीं सकीं और फूट-फूटकर रो पड़ीं. चार बहनों के इकलौते भाई रवि पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी. दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि दो अब भी कुंवारी हैं.

Advertisement

रवि कलर-पेंट का काम करता था और उसी की मेहनत की कमाई तथा रेलवे से रिटायर्ड पिता किशन सिंह की पेंशन से घर का खर्च चलता था.अब बेटे की मौत के बाद परिवार पर दुखों के साथ आर्थिक संकट भी टूट पड़ा है. रवि पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थे और उन्हें परिवार का सबसे बड़ा सहारा माना जाता था. मृतक रवि के परिजनों ने रवि की आंखों को भी आई बैंक ऑफ़ समिति राजस्थान को दान दी है.

इसी फॉर्च्यूनर कार ने पुष्कर घाटी में तीन बाइकों को टक्कर मारी थी
Photo Credit: NDTV

लौट रहे थे रवि और जीजा, रास्ते में मौत बनकर आई फॉर्च्यूनर

परिजनों के अनुसार रवि अपने जीजा जितेंद्र उर्फ सोनू के साथ पुष्कर में कलर-पेंट का काम बुक करके बाइक से अजमेर लौट रहा था. इसी दौरान पुष्कर घाटी में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने एक के बाद एक तीन बाइकों को टक्कर मार दी. 

हादसा इतना भयावह था कि कई बाइक सवार सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए. दुर्घटना में रवि की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके जीजा जितेंद्र उर्फ सोनू के दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं. वहीं शास्त्री नगर निवासी रोहित और मधुसूदन वैष्णव भी गंभीर घायल हुए हैं, जिनका इलाज जेएलएन अस्पताल में चल रहा है. 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद कार सवार लोग वाहन छोड़कर पहाड़ियों की तरफ भाग निकले. मौके पर पहुंची पुलिस को फॉर्चुनर से शराब की बोतलें भी मिली हैं. फॉर्च्यूनर कार का रजिस्ट्रेशन एक मंदिर कमेटी के नाम पर मिला है. इस बीच इस फॉर्च्यूनर का एक सीसीटीवी वीडियो सामने आया है जिसमें यह पुष्कर कस्बे की हनुमान गली में कैमरे में कैद हुई है .यह वीडियो सोमवार शाम 5:46 का बताया जा रहा है. 

Advertisement

मां और बहनों ने मांगा इंसाफ

रवि की मौत के बाद परिवार में गुस्सा और दर्द दोनों साफ नजर आए. रवि की मां और बहनों ने आरोपियों को कड़ी सजा देने की मांग करते हुए कहा कि अगर दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित परिवार को ही न्याय करना पड़ेगा. 

उधर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था और कार में मिली शराब की बोतलों का दुर्घटना से क्या संबंध है. वहीं सीओ ग्रामीण रामचंद्र चौधरी ने कहा कि हादसे के हर पहलू की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

ये भी पढ़ें-: तांत्रिक के इशारे पर चोर ढूंढ रही थी राजस्थान पुलिस! हाईकोर्ट ने लगाई कड़ी फटकार, तुरंत बदला जांच अफसर

Topics mentioned in this article