विज्ञापन

खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट की फॉर्च्यूनर ने 3 बाइकों को रौंदा, 1 युवक की मौत; गाड़ी में शराब की बोतलें देख भड़के लोग

अजमेर की पुष्कर घाटी में जिस फॉर्च्यूनर ने तीन बाइकों को बेरहमी से रौंदा, उसकी कड़ियां अब एक बड़े धार्मिक ट्रस्ट से जुड़ गई हैं. हादसे के बाद गाड़ी से बरामद सामान और अब सोशल मीडिया पर आ रहे वीडियो ने लोगों के गुस्से को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है.

खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट की फॉर्च्यूनर ने 3 बाइकों को रौंदा, 1 युवक की मौत; गाड़ी में शराब की बोतलें देख भड़के लोग
NDTV Reporter

Rajasthan News: राजस्थान के अजमेर जिले की पुष्कर घाटी में सोमवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक हैरान करने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस जांच में पुष्टि हुई है कि जिस तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने घाटी के मोड़ पर कहर बरपाया था, उसका रजिस्ट्रेशन सीकर स्थित सुप्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट समिति के नाम पर दर्ज है.

हादसे के बाद पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली, तो उसके भीतर से भारी मात्रा में शराब की बोतलें भी बरामद हुई थीं. एक प्रतिष्ठित धार्मिक संस्था की गाड़ी से शराब मिलना और उससे एक युवक की जान जाना, अब सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश की वजह बन गया है.

लापरवाह सेवादार के वीडियो वायरल

पुलिस ने बताया कि हादसे के वक्त कार को दिग्विजय सिंह नामक युवक चला रहा था, जिसे स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही दबोच लिया था. चश्मदीदों के अनुसार, पकड़े जाने पर ड्राइवर ने खुद को खाटू श्याम समिति का सदस्य बताया था.

अब सोशल मीडिया पर दिग्विजय सिंह के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें वह खाटू श्याम मंदिर में वीआईपी व्यवस्थाओं के बीच सेवा करते हुए नजर आ रहा है. इन वीडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा है. लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक धार्मिक संस्था से जुड़ा व्यक्ति इस तरह शराब की बोतलों के साथ इतनी लापरवाही से वाहन कैसे दौड़ा रहा था?

कार पर पहले से पेंडिंग हैं कई ऑनलाइन चालान

जिला पुलिस अधीक्षक (SP) हर्षवर्धन अग्रवाला ने मामले की जानकारी देते हुए NDTV राजस्थान को बताया कि पुलिस तफ्तीश में यह भी सामने आया है कि इस फॉर्च्यूनर कार पर पहले से ही ओवरस्पीड के कई ऑनलाइन चालान पेंडिंग हैं. पुलिस ने फॉर्च्यूनर कार को जब्त कर लिया है और ड्राइवर दिग्विजय सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

पुष्कर घाटी में क्या हुआ था उस रात?

इस पूरे मामले को समझने के लिए जानना जरूरी है कि सोमवार (18 मई) की रात करीब 9:45 बजे पुष्कर से अजमेर की ओर आ रही इस अनियंत्रित फॉर्च्यूनर कार ने पुष्कर घाटी के खतरनाक मोड़ पर सामने से आ रही तीन बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया था. कार इन बाइकों को दूर तक घसीटती चली गई, जिससे चीख-पुकार मच गई.

इस दर्दनाक टक्कर में अजमेर के धोलाभाटा निवासी रवि कुमार (पुत्र किशन सिंह) की मौके पर ही मौत हो गई. रवि अपने जीजा जितेंद्र उर्फ सोनू (निवासी नगरा) के साथ बाइक पर पुष्कर जा रहे थे. इसी दौरान दूसरी बाइक पर सवार शास्त्री नगर निवासी रोहित और उनके चाचा मधुसूदन वैष्णव भी इस हादसे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का अजमेर के जेएलएन (JLN) अस्पताल में इलाज चल रहा है. हादसे के तुरंत बाद कार में सवार अन्य लोग वाहन को बीच सड़क पर ही छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए पहाड़ी की तरफ भाग निकले थे.

ये भी पढ़ें:- शादी में 'आटा-साटा' नहीं चलेगा... हाईकोर्ट ने बीवी की तलाक की गुहार की मंजूर, कहा- कानून से ऊपर कोई रिवाज नहीं

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close