विज्ञापन

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने दो लोगों को कुचला, दोनों की दर्दनाक मौत

हाईवे पर दोनों खड़े थे. तेज रफ्तार आ रहे ट्रक ने कुचल द‍िया. ड्राइवर ट्रक लेकर फरार हो गया. 

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने दो लोगों को कुचला, दोनों की दर्दनाक मौत
हादसे के बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई.
NDTV Reporter

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. चूड़ियावास के पास पिलर नंबर 201.1 पर  ट्रक की चपेट में आने से दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, और दोनों घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल दौसा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया. 

दोनों खड़े थे हाईवे क‍िनारे

पुलिस के अनुसार, दोनों हाईवे के बगल खड़े थे. इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की सूचना पर SHO हुसैन अली और  ASI ताराचंद पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने मौके की स्थिति का जायजा लिया, और दोनों को तत्काल एंबुलेंस से राजकीय जिला अस्पताल दौसा भिजवाया. 

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सायल (15) पुत्र मीठालाल मीणा निवासी चूड़ियावास थाना नांगल राजावतान और महेंद्र (22) पुत्र रामफूल मीणा निवासी उगास तन बांसखो थाना बस्सी जयपुर के रूप में हुई है. दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. 

मोर्चरी में रखवाए दोनों के शव

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को राजकीय जिला अस्पताल दौसा की मोर्चरी में रखवाया है. अस्पताल में शवों की पोस्टमार्टम प्रक्रिया जारी है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे. 

CCTV फुटेज से ट्रक की तलाश

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस अब दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस का प्रयास है कि हादसे के समय वहां से गुजरने वाले वाहनों की जानकारी जुटाकर अज्ञात ट्रक की पहचान की जा सके. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और फरार ट्रक की तलाश जारी है. 

यह भी पढ़ें: निकाय चुनाव के लिए जयपुर में बीजेपी की बड़ी बैठक, उम्मीदवारों की लिस्ट पर आया अपडेट

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close