Rawatbhata Fire Accident News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के रावतभाटा शहर स्थित परमाणु बिजलीघर आवासीय कॉलोनी के बाहर एनटीसी मार्केट में आज( रविवार) एक भीषण आगजनी की घटना हुई. एक एसी-फ्रिज मैकेनिक की दुकान में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग लगने के कारण दुकान में रखे एसी कंप्रेसरों में हुए धमाकों से पूरे बाजार में दहशत फैल गई.
वेल्डिंग के काम के दौरान हुआ शॉर्ट सर्किट
जानकारी के मुताबिक, रावतभाटा के NGT मार्केट में स्थित एक जूस की दुकान पर वेल्डिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान अचानक शॉर्ट सर्किट की वजह से मैकेनिक की दुकान में आग लग गई. कुछ देर बाद मौके पर धुएं का गुबार उठने लगा और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. साथ ही, घटना की सूचना तुरंत पुलिस और फायर डिपार्टमेंट को दी गई.
करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही फायर डिपार्टमेंट मौके पर पहुंचा और हालात को काबू करने की कोशिश शुरू कर दी. फायर ऑफिसर राजेश जयपाल ने बताया कि दो फायर इंजन के साथ मौके पर पहुंचकर करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. इस दौरान आने वाले ट्रैफिक को कुछ देर के लिए डायवर्ट किया गया.
मैकेनिक की दुकान पूरी तरह जलकर राख हो गई
चश्मदीदों के मुताबिक, दुकान में रखे AC कंप्रेसर एक के बाद एक फटने लगे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग की चपेट में आने से मैकेनिक की दुकान पूरी तरह जलकर मलबे में बदल गई. समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो पूरे मार्केट में बड़ा नुकसान हो सकता था. आस-पास के व्यापारियों ने भी आग बुझाने में मदद की, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को सुचारू रूप से चालू करवाया.
यह भी पढ़ें: ईरान की जंग ने रोकी राजस्थान की 'शाही ट्रेन' की रफ्तार, पर्यटन इंडस्ट्री पर पड़ी बुरी मार