विज्ञापन
This Article is From Sep 26, 2025

"राजस्थानी इंतज़ार नहीं करते, बदलाव लाते हैं", हैदराबाद में प्रवासी राजस्थानियों से सीएम भजनलाल शर्मा का संवाद

Rajasthan News: प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन में शिरकत करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान में विकास, उन्नति तरक़्क़ी में प्रवासी राजस्थानियों का बड़ा योगदान है.

"राजस्थानी इंतज़ार नहीं करते, बदलाव लाते हैं", हैदराबाद में प्रवासी राजस्थानियों से सीएम भजनलाल शर्मा का संवाद

CM Bhajan Lal Sharma interacted with Rajasthani community: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हैदराबाद में प्रवासी राजस्थानी समुदाय के साथ संवाद किया. प्रवासी राजस्थानी सम्मेलन में शिरकत करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान में विकास, उन्नति तरक़्क़ी में प्रवासी राजस्थानियों का बड़ा योगदान है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रवासी राजस्थानी समुदाय के हितों को ध्यान में रखते हुए एक विशेष विभाग और प्रवासी राजस्थानी नीति 2025 ला रही है. इस नीति के तहत प्रवासी राजस्थानियों को निवेश के अवसर, सामाजिक और व्यावसायिक समर्थन, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन क्षेत्रों में विशेषज्ञता का उपयोग करने का अवसर मिलेगा. इस कार्यक्रम में माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, कॉग्निजेंट, टीसीएस, जेनपैक्ट, इंफोसिस, सायंट, हिताची वंतारा कॉर्प. और डॉ. रेड्डीज़ लेबोरेट्रीज़ के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे.

उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री केके विश्नोई, ऑल इंडिया मारवाड़ी युवा मंच के नेशनल प्रेसिडेंट सुरेश एम जैन, हैदराबाद चैप्टर प्रेसिडेंट पवन बंसल और सीआईआई तेलंगाना के पूर्व चेयरमैन साई डी प्रसाद समेत 300 से अधिक प्रवासी राजस्थानियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस सम्मेलन में सामाजिक क्षेत्र में योगदान देने वाले कई प्रवासी राजस्थानियों को सम्मानित किया गया. 

हमने राजस्थान फाउंडेशन को मजबूत किया- सीएम

मुख्यमंत्री ने बताया कि पौने दो साल के कार्यकाल में राजस्थान फाउंडेशन को मजबूत किया गया. पिछले एक साल में 14 नए चैप्टर खोले गए और पुराने 12 अक्रियाशील चैप्टर्स को सक्रिय किया गया. आज न्यूयॉर्क, लंदन, रियाद जैसे शहरों में राजस्थान फाउंडेशन के सभी चैप्टर सुचारू रूप से चल रहे हैं. इसके माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों को राज्य सरकार के साथ राजस्थान की विकास यात्रा में भागीदार बनने का अवसर मिलेगा.

राजस्थान में भामाशाह और प्रवासियों की पुरानी परंपरा

सीएम ने कहा कि राजस्थान के भामाशाह और प्रवासियों की पुरानी परंपरा रही है. ये अपनी कर्मभूमि से अपनी जन्मभूमि पर जाकर वहां के लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में अपना योगदान देते हैं. राजस्थान ही कौम है जो बदलाव का इंतज़ार नहीं करते बल्कि बदलाव लाते हैं.

प्रवासी समुदाय से मुख्यमंत्री ने कहा कि वे निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं. उन्होंने मकर संक्रांति और तीज-गणगौर जैसे पर्वों पर अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानियों के साथ संवाद और लाइव स्ट्रीमिंग जैसी पहलों का भी उल्लेख किया. 

10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस पर होगा सम्मान समारोह

कार्यक्रम के दौरान ऑडियो-विजुअल प्रस्तुति के माध्यम से राज्य की विकास गाथा और प्रवासी राजस्थानियों की भूमिका को दर्शाया गया. साल के अंत में 10 दिसंबर को जयपुर में आयोजित पहले प्रवासी राजस्थानी दिवस में कला, संस्कृति, विज्ञान, व्यवसाय और सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा.
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com