धौलपुर में देर रात टॉकीज के बाहर चली गोली, युवकों की आपसी कहासुनी खूनी रंजिश तक पहुंची

पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है, जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

धौलपुर के निहालगंज में स्थित जगन टॉकीज के पास बुधवार (11 फरवरी) देर रात फायरिंग हो गई. एक युवक पर चार-पांच युवकों ने अचानक गोली चला दी, जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही निहालगंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी. वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए.

शांत हुआ मामला, लेकिन कुछ देर बाद भड़क गया 

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित युवक ने बताया कि उसका कुछ बच्चों के विवाद को लेकर एक युवक से कहासुनी हो गई थी. बताया जा रहा है कि मामूली कहासुनी के बाद मामला शांत हो गया था, लेकिन कुछ ही देर बाद युवक अपने 4-5 साथियों के साथ वापस लौटा और उस पर फायरिंग कर दी. 

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी कृष्णराज जांगिड़, थाना प्रभारी अमित शर्मा सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है. 

आरोपियों की तलाश कर रही पुलिस

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. फायरिंग की इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. थाना प्रभारी अमित कुमार का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है.

Advertisement

यह भी पढ़ेंः अलविदा सर्दी! राजस्थान में चढ़ने लगा पारा, 1-2 डिग्री बढ़ेगा तापमान; जानें कब से बदलेगा फिर मौसम