Dholpur News: राजस्थान सरकार के 'शुद्ध आहार, मिलावट पर वार' अभियान के तहत धौलपुर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. इस कार्रवाई में कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकार डॉ. धर्मसिंह मीणा के निर्देशन में जिले की कुछ मिष्ठान भंड़ारों पर छापेमारी की कार्रवाई की गई है, जिसमें टीम ने भारी मात्रा में अमानक खाद्य सामग्री जब्त कर मौके पर ही नष्ट करवाया.
225 किलो पनीर और क्विंटल भर मावा किया नष्ट
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के बसेड़ी क्षेत्र के गांव चोरपुरा मामुद्दीन स्थित 'पारस मिल्क फूड' का भी औचक निरीक्षण किया. यहां निरीक्षण के दौरान खाघ विभाग की टीम ने भारी मात्रा में पनीर और मावा संदिग्ध पाया गया. स्वास्थ्य के प्रति गंभीर खतरा देखते हुए टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खराब 225 किलो पनीर और 100 किलो मावा को मौके पर ही नष्ट करवा दिया. इसके अलावा विभाग ने दुकान में से कुछ चीजों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेज दिए हैं.
बीकानेर मिष्ठान भंडार पर भी गिरी गाज
कार्रवाई का सिलसिला धौलपुर शहर तक भी पहुंचा, जहां टीम ने प्रसिद्ध 'बीकानेर मिष्ठान भंडार' का निरीक्षण किया. यहां से मिठाई के नमूने लिए गए और साफ-सफाई व मानकों की अनदेखी पर प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत 'इंप्रूवमेंट नोटिस' जारी किया गया है.
नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार ने सख्त लहजे में कहा कि जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद मिलावट पाए जाने पर संबंधित पक्षों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. यह अभियान जिले भर में लगातार जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: राजस्थान: अब पुलिसकर्मियों को जन्मदिन पर मिलेगी छुट्टी, परिजनों के भी बर्थडे की लीव होगी मंजूर