Rajasthan News: पुलिसकर्मियों की कठिन ड्यूटी और तनावपूर्ण माहौल के बीच एक अनूठी पहल सामने आई है. अब पुलिसकर्मी अपने व अपने परिजनों के जन्मदिन पर छुट्टी ले सकेंगे. इसको लेकर राजस्थान में सवाई माधोपुर जिले की पुलिस अधीक्षक ने आदेश जारी किया है. एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी ने मंगलवार (14 अप्रैल) को पुलिसकर्मियों के अपने व परिजनों के बर्थडे पर छुट्टी मंजूरी सुनिश्चित किए जाने का पत्र लिखा है. एसपी ने यह पत्र जिले के सभी एडिशनल एसपी, सभी सीओ, जिले के सभी थानाधिकारी और निरीक्षक को भेजा है.
एसपी का यह निर्देश बना चर्चा का विषय
सवाई माधोपुर की एसपी का यह निर्देश पूरे राजस्थान में चर्चा का विषय बना हुआ है. एसपी ने अब पुलिसकर्मियों को उनके खुद के जन्मदिन, पत्नी, बच्चों और माता-पिता के जन्मदिन के विशेष अवसर पर आवेदन किये जाने पर आकस्मिक अवकाश देने का निर्णय लिया है. एसपी ज्येष्ठा मैत्रेयी की तरफ से जारी निर्देशों के अनुसार, अगर कोई पुलिसकर्मी अपने या अपने परिवार के सदस्यों के जन्मदिन पर अवकाश के लिए आवेदन करता है, तो उसे अनिवार्य रूप से स्वीकृत किया जाएगा.

पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी
पुलिस महकमे में निचले स्तर तक होगा फायदा
इस मानवीय पहल का लाभ महकमे के सबसे निचले स्तर तक पहुँचाया गया है. इसमें कांस्टेबल से लेकर सहायक उप निरीक्षक तक के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है.
एसपी ने सभी एएसपी, वृताधिकारी, थानाधिकारी, संचित निरीक्षक पुलिस लाइन को ई-मेल कर निर्देशित किया है, जिसमें उनके अधिनस्थ तैनात सभी कार्मिकों (कांस्टेबल से सहायक उप निरीक्षक स्तर व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी) को खुद, पत्नी, बच्चे, माता-पिता के जन्मदिन पर आकस्मिक अवकाश के लिए आवेदन करने पर आवश्यक रूप से आकस्मिक अवकाश या राजपत्रित अवकाश मंजूरी दिए जाने की बात कही गई.

बता दें कि अक्सर अपनी ड्यूटी की व्यस्तता के कारण पुलिसकर्मी परिवार के महत्वपूर्ण क्षणों का हिस्सा नहीं बन पाते थे, जिससे उनमें मानसिक तनाव और अलगाव की स्थिति पैदा होती थी. हालांकि, अब एसपी के नए निर्देश से न केवल पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि वे अधिक ऊर्जा और प्रसन्नता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर सकेंगे. पुलिस अधीक्षक मैत्रेयी के इस निर्देश से सवाई माधोपुर में तैनात 177 सहायक उप निरीक्षक, 909 कांस्टेबल व 233 हैड कांस्टेबलों आदि का मनोबल बढ़ेगा.
यह भी पढ़ें-
RPS Transfer List: राजस्थान में 11 RPS अफसरों का ट्रांसफर, डिप्टी SP स्तर के अधिकारियों हुआ तबादला