Rajasthan: होली से पहले लिए फूड सैंपल्स की आई रिपोर्ट, 144 में से 34 फेल; ADM ने लगाया 1 लाख रुपये का जुर्माना

डीडवाना-कुचामन जिले में 'शुद्ध आहार-मिलावट पर वार' अभियान के तहत खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. जांच में 34 सैंपल फेल पाए गए हैं और भारी मात्रा में एक्सपायरी सामान नष्ट किया गया है. जानिए प्रशासन ने उपभोक्ताओं को क्या सलाह दी है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
डीडवाना-कुचामन खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई: 34 सैंपल फेल, मिलावटखोरों पर लगा भारी जुर्माना
NDTV Reporter

Didwana Kuchaman News: राजस्थान सरकार के 'शुद्ध आहार–मिलावट पर वार' अभियान के तहत डीडवाना-कुचामन जिले में प्रशासन ने मिलावटखोरों की कमर तोड़ दी है. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने शहरी और ग्रामीण इलाकों के व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की. इस जांच अभियान के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से कुल 144 खाद्य सैंपल लिए गए थे. जब इन सैंपलों की लैब रिपोर्ट आई, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ. कुल सैंपलों में से 34 सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे और उन्हें फेल घोषित कर दिया गया, जिससे साफ है कि बाजार में आपकी सेहत के साथ किस स्तर पर खिलवाड़ हो रहा था.

ADM कोर्ट में पहुंचा मामला, लगा भारी जुर्माना

सैंपल फेल होने के बाद अब विभाग कानूनी कार्रवाई के मोड में है. जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि अब तक 8 गंभीर मामलों के प्रकरण जिला एडीएम के समक्ष प्रस्तुत किए जा चुके हैं. इन मामलों में प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोषियों पर 1 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना ठोंका है. वहीं, विभाग ने स्पष्ट किया है कि शेष 26 फेल सैंपलों की फाइलें भी तैयार की जा रही हैं और जल्द ही उन्हें भी ADM डीडवाना के समक्ष पेश कर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

1300 किलो 'जहर' मौके पर ही किया गया नष्ट

कार्रवाई सिर्फ सैंपलों तक ही सीमित नहीं रही. जांच के दौरान कई दुकानों पर एक्सपायरी डेट निकल चुकी खाद्य और पेय सामग्री धड़ल्ले से बेची जा रही थी. विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए 1300 किलो से अधिक एक्सपायरी सामान को मौके पर ही नष्ट करवा दिया ताकि वह किसी की थाली तक न पहुंच सके. इसके अलावा, 1300 किलो अमानक खाद्य सामग्री (जो क्वालिटी में बेहद खराब थी) को भी सीज कर दिया गया है. ट्रेनी ऑफिसर धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, होली के विशेष अभियान में भी भारी मात्रा में खराब तेल और अन्य सामग्री जब्त की गई है.

खरीदारी से पहले पक्का बिल और लेबल देखना न भूलें

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम जनता के लिए भी एक जरूरी एडवायजरी जारी की है. अधिकारियों का कहना है कि मिलावट से बचने का सबसे बड़ा हथियार उपभोक्ता की खुद की सतर्कता है. बाजार से कुछ भी खरीदते समय उसका लेबल, मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट, बैच नंबर और निर्माता का नाम जरूर चेक करें. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमेशा पक्का बिल ही लें, क्योंकि बिना बिल के किसी भी शिकायत पर कानूनी कार्रवाई करना मुश्किल होता है. अगर आपको कहीं भी मिलावट का शक हो, तो तुरंत विभाग को इसकी सूचना दें.

Advertisement

ये भी पढ़ें:- राजस्थान में मार्च में ही मई का अहसास, 40 डिग्री तक जाएगा तापमान, जानें कब मिलेगी राहत