Rajasthan: सब्जी के दाम को लेकर शुरू हुआ विवाद, बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या

परिजनों का आरोप है कि मीरा देवी, स्वराज और उसके चार-पांच साथी गेन सिंह के घर में घुस आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. बीच-बचाव के लिए ग्रामीण पहुंचे, लेकिन तब तक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो चुके थे.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
अजमेर में पीट-पीट कर बुजुर्ग की हत्या

Rajasthan News: अजमेर जिले के मांगलियावास थाना क्षेत्र के कोटाजा गांव में मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया. गांव में सब्जी खरीदने के दौरान दाम को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. मृतक की पहचान रेलवे से रिटायर्ड गेन सिंह रावत के रूप में हुई है. अब पुलिस इस मामले में जांच कर रही है.

परिजनों के अनुसार सुबह गांव में मीरा देवी सब्जी बेच रही थी. इसी दौरान गेन सिंह और मीरा देवी के बीच सब्जी के दाम को लेकर कहासुनी हो गई. मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने समझाइश कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन कुछ घंटों बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.

Advertisement

घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला

परिजनों का आरोप है कि मीरा देवी, स्वराज और उसके चार-पांच साथी गेन सिंह के घर में घुस आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. बीच-बचाव के लिए ग्रामीण पहुंचे, लेकिन तब तक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो चुके थे. उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई.

अस्पताल में जमा हो गई ग्रामीणों की भीड़

घटना के बाद अस्पताल की मोर्चरी में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. मृतक के भतीजे सत्यपाल सिंह ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करवाया है. मांगलियावास थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. गुरुवार को मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा.

यह भी पढ़ेंः SP ऑफिस से किडनैप युवती 32 घंटे में बरामद, लव मैरिज के बाद गई थी सुरक्षा मांगने