Rajasthan News: राजस्थान के डूंगरपुर जिले के सागवाड़ा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब वार्ड नंबर 35 स्थित गिवो का वेरा के जंगल में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें पास के रिहायशी इलाके की ओर बढ़ने लगीं, जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल बन गया.
आग की सूचना मिलते ही सागवाड़ा नगरपालिका की दमकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया. तेज हवा और सूखी झाड़ियों के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे आग बुझाना काफी चुनौतीपूर्ण हो गया.
दमकल ने 5 घंटे में पाया काबू
फायर ऑफिसर निलेश पाटीदार के नेतृत्व में दमकल टीम ने मोर्चा संभाला. आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड के दो वाहनों ने कई बार मौके पर जाकर पानी का छिड़काव किया. हर वाहन ने चार-चार फेरे लगाए और लगातार प्रयास करते रहे.
करीब 5 घंटे की लगातार मेहनत और जोखिम भरे प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका. इस दौरान दमकलकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना काम किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
आरओ प्लांट जला, घर को बचाया
इस आग में जंगल के पास स्थित एक वाटर आरओ प्लांट पूरी तरह जलकर राख हो गया जिससे आर्थिक नुकसान हुआ. हालांकि राहत की बात यह रही कि दमकल टीम ने समय रहते आग को रिहायशी इलाकों तक पहुंचने से रोक दिया और कई घरों को जलने से बचा लिया.
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान टीम में अक्षय, भरत, शांति और वाहन चालक नरेश, राजेंद्र और मनोहर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस दौरान स्थानीय पार्षद गटा भाई और आसपास के लोगों ने भी दमकल टीम का सहयोग किया. स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग की तत्परता और साहस की सराहना करते हुए राहत की सांस ली कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया.
यह भी पढ़ें- गैस और बाजार की चुनौतियों पर सीएम की सर्वदलीय बैठक, जानें सरकार और विपक्ष के बीच क्या हुई बात