विज्ञापन

बेटे को जमीन बेचने से क‍िया मना तो प‍िता को कुल्‍हाड़ी से काट डाला, बताया हादसे में गई जान 

बेटे के ऊपर काफी कर्ज है, और उसे चुकाने के ल‍िए जमीन बेच रहा था. प‍िता ने मना क‍िया तो आरोपी बेटा आग बबूला हो गया. 

बेटे को जमीन बेचने से क‍िया मना तो प‍िता को कुल्‍हाड़ी से काट डाला, बताया हादसे में गई जान 
पुलिस मामले की जांच कर रही है.
NDTV Reporter

डूंगरपुर की सागवाडा थाना पुलिस ने पिता की हत्या कर उसे हादसे का रूप देने की साजिश रचने वाले एक कलयुगी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने अपने सिर से कर्ज का बोझ उतारने के लिए जमीन बेचने की कोशिश की थी, लेकिन पिता ने मना कर द‍िया. इससे नाराज होकर उसने कुल्हाड़ी से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी थी. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है . 

अस्पताल में तोड़ा दम  

डूंगरपुर के सागवाडा सीई मनीष कुमार ने बताया कि गोवाडी गांव के कांतिलाल अपने पिता गौतमलाल यादव को 27 अगस्त की रात करीब 10 बजे बेहद गंभीर और घायल अवस्था में सागवाड़ा के राजकीय चिकित्सालय लेकर पहुंचा था. उस समय बेटे कांतिलाल ने डॉक्टरों और परिजनों को बताया था कि पिता घर की छत से अचानक नीचे गिर गए थे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान गौतमलाल ने दम तोड़ दिया. इसके बाद परिजन शव को रात में ही घर ले आए.  कल सुबह परिजन और ग्रामीण अस्पताल से शव को अंतिम संस्कार के लिए शमशान घाट ले गए. 

श्मशान घाट पर खुला राज

श्मशान घाट में अंतिम संस्कार की पारंपरिक क्रियाओं के दौरान जब मृतक के सिर पर बंधी पट्टियां खोली गईं, तो वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए. सिर पर तेजधार हथियार के ऐसे गंभीर घाव और निशान मौजूद थे, जो किसी भी स्थिति में छत से गिरने के नहीं लग रहे थे. ग्रामीणों को मामला संदिग्ध लगा और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही थानाधिकारी मनीष खोईवाल के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता मौके पर पहुचां और शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि व्यक्ति की मृत्यु किसी धारदार हथियार से सिर पर हमला किए जाने के कारण हुई है. 

पूछताछ में कबूला जुर्म

संदेह के आधार पर पुलिस ने मृतक के बेटे कांतिलाल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि उसने कानूनी कार्रवाई और जेल जाने से बचने के लिए छत से गिरने की झूठी कहानी रची थी. उसने कबूला कि उसने कुल्हाड़ी से पिता के सिर पर ताबड़तोड़ 3-4 वार किए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी. 

भारी कर्ज और जमीन विवाद

पुलिस पूछताछ में हत्या की मुख्य वजह जमीन विवाद और भारी उधारी निकलकर आई. आरोपी पुत्र कांतिलाल ने कई जगह से उधारी ले रखी थी, जिस पर भारी ब्याज चढ़ चुका था. कर्ज चुकाने के लिए वह अपनी पारिवारिक जमीन बेचना चाहता था, लेकिन उसके पिता गौतम जमीन बेचने का लगातार विरोध कर रहे थे. इसी तकरार से तंग आकर उसने पिता की हत्या की साजिश रच डाली. पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी व अनुसंधान प्रक्रिया जारी है. \

यह भी  पढ़ें: नरेश मीणा की जेल में तबीयत बिगड़ी, हालत गंभीर; ICU में भर्ती

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close