विज्ञापन

हनुमानगढ़ में जंगली जानवर ने क‍िसान पर क‍िया हमला, नाक और दोनों हाथ में गहरा घाव 

हनुमानगढ़ में जंगली जानवर का आतंक बढ़ता जा रहा है. शाम के समय खेत की तरफ जाते समय थोड़ा सावधान रहने की जरूरत है. 

हनुमानगढ़ में जंगली जानवर ने क‍िसान पर क‍िया हमला, नाक और दोनों हाथ में गहरा घाव 
हनुमानगढ़ में जंगली जानवर के हमले में किसान गंभीर घायल हो गया.

हनुमानगढ़ के नोहर क्षेत्र के बिरकाली गांव में जंगली जानवर की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत और भय का माहौल बना हुआ है. सोमवार शाम खेतों में काम कर रहे एक किसान पर जंगली जानवर ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें किसान गंभीर रूप से घायल हो गया. उसकी नाक और दोनों हाथों पर गहरा घाव है. अस्‍पताल में उसका इलाज चल रहा है. 

खेत जाते समय किया हमला 

बिरकाली गांव की रोही स्थित ढाणी में रहने वाले मांगीलाल सोमवार शाम करीब 6:30 बजे खेतों की ओर जा रहे थे. इसी दौरान झाड़ियों में छिपे अज्ञात जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया. अचानक इस हमले में मांगीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजन और ग्रामीण की मदद से उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां घायल मांगीलाल के नाक, दोनों हाथ सहित कई जगह गंभीर काटने के घाव थे. गंभीर हालत में मांगीलाल को जिला अस्पताल से बीकानेर रेफर कर दिया गया. 

जंगली जानवर का पगमार्क.

जंगली जानवर का पगमार्क.

खेतों में पगमार्क देखे गए 

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने खेतों में बड़े और स्पष्ट पगमार्क देखे. इन पगमार्क को देखकर ग्रामीण किसी बड़े और हिंसक जंगली जानवर की आशंका जता रहे हैं. घटना के बाद बिरकाली गांव सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि शाम ढलते ही लोग घरों में रहने को मजबूर हैं, और अपने पशुओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित हैं.

वन विभाग की टीम कर रही सर्च  

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और बिरकाली गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. वन विभाग ग्रामीणों को सतर्क रहने, अकेले खेतों में नहीं जाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या पगमार्क नजर आने पर तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना देने की अपील की है. फिलहाल अज्ञात जंगली जानवर की पुष्टि नहीं हो पाई है, लेकिन वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी रखते हुए उसकी तलाश में जुटी हुई हैं. 

यह भी पढ़ें: भजनलाल सरकार के तीसरे बजट में खुलेगा सौगातों का पिटारा, डिप्टी सीएम बैरवा ने दिए बड़े संकेत


 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close