दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के चलते राजस्थान में पिछले 24 घंटे के दौरान कई स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हुई, और मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान भी कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के जयपुर केंद्र के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र मंगलवार को भी मध्यप्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के ऊपर बना हुआ है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है. झालावाड़ में 300 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
बारिश से किसानों के खिले चेहरे
भीलवाड़ा में मंगलवार रात की बरसात से किसानों के चेहरे खिले हुए हैं. बनास और बेड़च नदी अचानक उफान पर है. बनास नदी में पारोली, चैनपुरा और काछोला क्षेत्र में पुलिया पर पानी ढाई फीट बह रहा है, जिसकी वजह से आने-जाने में परेशानी हो रही है. भीलवाड़ा के ऊपरमाल और खासतौर से मांडलगढ़ क्षेत्र में बीती रात को हुई बरसात से बाणासुर ब्रिच नदी में पानी की अच्छी आवक दर्ज की गई. बनास नदी ने दो स्थानों पर पूजा के ऊपर रास्ता रोक दिया, जबकि बीड़स नदी में पानी की आवक से एक जगह आवागमन बाधित हो रहा है.
उफान पर बेड़च नदी
कोटड़ी क्षेत्र के सवाईपुर, बड़लियास में हुई झमाझम तेज बारिश का असर सुबह तक रहा. झमाझम बारिश के बाद बेड़च नदी ऊफान पर आ गई. बेड़च नदी का पानी पुलिया पर तीन फिट तक आ गया. पुलिया पर पानी आने से बड़लियास बरुदनी बंद हो गया. भीलवाडा से चितौड़गढ़ का संपर्क कट गया. इसके बाद बड़लियास थाना पुलिस का जाप्ता पुलिया पर तैनात किया गया. ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई.
भारी बारिश का अनुमान
भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ हिस्सों में 12 अगस्त को भी मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने का अनुमान है. इस दौरान दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भारी तथा एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. 13 अगस्त से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है. हालांकि, राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और पूर्वी राजस्थान में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
14 अगस्त से बारिश में कमी
जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में 14 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान है. हालांकि, उत्तर-पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश हो सकती है. इसी तरह 15 अगस्त से राज्य के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है.
— मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर (@IMDJaipur) August 12, 2026
इन जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा, फलोदी, जोधपुर, नागौर, चूरू, बीकानेर, अजमेर-ब्यावर, पाली, जालोर, सिरोही, उदयपुर, सलूम्बर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, बांसवाड़ा एवं राजसमंद जिलों तथा आस-पास के क्षेत्रों में येलो अलर्ट जारी किया है. हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ अचानक तेज हवाएं 30-40 किमी/घंटा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में 123 RPS अधिकारियों के तबादले, पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल