Weather Alert: राजस्थान में जोरदार बारिश से मौसम पूरी तरह से बदल गया. किसानों की फसल भी खराब हो गई. 1 अप्रैल को उदयपुर, कोटा संभाग में छुटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने और शेष भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है. 2 अप्रैल को रात्रि के समय जैसलमेर, बाड़मेर, फलोदी जिलों और आसपास के क्षेत्र में आंधी बारिश की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना है. अप्रैल के प्रथम सप्ताह में बैक टू बैक पश्चिमी विक्षोभ राज्य के ऊपर सक्रिय होने की संभावना है.
कोटपूतली में ओलावृष्टि
कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट ली. जिले में कई क्षेत्रों में देर शाम अचानक बारिश और तेज आंधी देखने को मिली. लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन किसानों के चेहरे पर मायूसी देखने को मिली. जिले के शाहजहांपुर क्षेत्र के कांकर कुतीना गांव सहित आसपास के इलाकों में तेज बारिश के साथ अचानक ओलावृष्टि भी देखने को मिली. करीब 5 मिनट तक चने के आकार के ओले गिरने से खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है. इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं, चना और सब्जियों की फसलें प्रभावित हुई हैं.
किसानों ने मुआवजा मांगा
किसानों का कहना है कि फसल कटाई के समय इस तरह की बारिश और ओलावृष्टि ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है. ग्रामीणों के अनुसार, मौसम के इस बदलाव ने पूरे क्षेत्र में ठंडक बढ़ा दी और खेतों में पानी भर गया. किसानों ने प्रशासन से फसल नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है.
3-4 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव
अगला मजबूत पश्चिमी विक्षोभ 3-4 अप्रैल को राज्य के कुछ भागों में सक्रिय होने की प्रबल संभावना है. 3-4 अप्रैल को जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में फिर से तेज मेघगर्जन के साथ आंधी-बारिश होने की प्रबल संभावना है. मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. धौलपुर, भरतपुर जिलों और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है.
कोटा में गेहूं और लहसुन की फसल चौपट
राजस्थान के हाड़ौती क्षेत्र में इस बार मौसम ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है. कोटा जिले में बेमौसम बारिश, तेज हवा और ओलावृष्टि ने खेतों में खड़ी फसल को बर्बाद कर दिया है. गेहूं और लहसुन की फसल, जो कटाई के लिए तैयार थी, अब जमीन पर बिछ गई है. किसान अब सरकार से मुआवजे और राहत की मांग कर रहे हैं.
कोटा में बारिश और ओलावृष्टि से फसल चौपट हो गई.
ऊर्जा मंत्री ने राहत देने के दिए निर्देश
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर मंगलवार को कोटा दौरे पर रहे. इंद्रा विहार स्थित निवास पर जनसुनवाई की. जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गेहूं की खरीदारी में गुणवत्ता को लेकर नियमों में राहत देते हुए किसानों का गेहूं खरीदा जाए. नुकसान को लेकर भी जल्द गिरदावरी के लिए अधिकारियों से चर्चा की.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में टीना डाबी सहित 65 IAS अधिकारियों के ट्रांसफर, 26 जिलों के कलेक्टर बदले गए