विज्ञापन

अमित शाह का बीकानेर दौरा, सीमा चौकी पर प्रहरी सम्मेलन को किया संबोधित, महिला बैरकों का ई-लोकार्पण

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बीकानेर दौरे पर हैं. अगले कुछ हफ्तों तक भुज, बंगाल समेत कई इलाकों में भी सीमा-सुरक्षा का जायजा लेंगे.

अमित शाह का बीकानेर दौरा, सीमा चौकी पर प्रहरी सम्मेलन को किया संबोधित, महिला बैरकों का ई-लोकार्पण
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का बीकानेर दौरा.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार (26 मई) को बीकानेर में बॉर्डर इलाकों का दौरा किया. अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ की सांचू पोस्ट पहुंचकर प्रहरी सम्मेलन को संबोधित किया. उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए देश की सुरक्षा में उनके योगदान की सराहना की. अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी मौजूद रहे. दोनों नेताओं ने सीमा पर तैनात जवानों से संवाद किया. कार्यक्रम के दौरान जवानों के मनोबल और सीमा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई.

वरिष्ठ अधिकारियों के साथ होगी उच्च-स्तरीय बैठक  

उन्होंने सीमा चौकियों पर नवनिर्मित 14 महिला बैरकों का ई-लोकार्पण भी किया. इससे महिला जवानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और सीमा क्षेत्रों में उनकी तैनाती और अधिक सुदृढ़ होगी. गृह मंत्री वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें सीमा सुरक्षा, घुसपैठ-रोधी उपायों और सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी. 

सांचू माता मंदिर में की पूजा-अर्चना

इससे पहले अमित शाह ने सांचू माता मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना की. उन्होंने प्रहरी शस्त्र गैलरी का अवलोकन कर आधुनिक ड्रोन तकनीक की कार्यप्रणाली की जानकारी भी ली. साथ ही पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल, बीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे.

अगले कुछ दिन बॉर्डर इलाकों का दौरा करेंगे अमित शाह

इस दौरे को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बताया जा रहा है. बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ होने वाली चर्चाएं सीमा प्रबंधन और विकास से जुड़े मुद्दों का आंकलन करने में अहम रहेंगी. गृह मंत्री अगले कुछ दिनों में देश के कई बॉर्डर क्षेत्रों में प्रवास करेंगे और सुरक्षा संबंधी बैठकों में हिस्सा लेंगे. 29 मई को गुजरात के भुज में भी बीएसएफ की सीमा चौकी का दौरा भी होगा. 
 

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Close