Kishangarh News: किशनगढ़ टोल पर 40 लाख की अवैध शराब जप्त, चावल के कट्टों के नीचे छिपाई थी 10 हजार बोतलें

किशनगढ़ टोल प्लाजा पर आबकारी विभाग ने तस्करी के एक ऐसे शातिर खेल का पर्दाफाश किया है जिसे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Ajmer News: किशनगढ़ में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर स्थित किशनगढ़ टोल प्लाजा पर नाकाबंदी के दौरान 22 चक्का ट्रेलर से भारी मात्रा में अवैध शराब और बीयर बरामद की गई. तस्कर ट्रेलर में चावल के कट्टों के नीचे शराब और बीयर की पेटियां छुपाकर ले जा रहे थे, ताकि किसी को शक न हो.

मुखबिर की सूचना पर की गई नाकाबंदी

आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पंजाब निर्मित शराब और बीयर की बड़ी खेप ट्रेलर के जरिए राजस्थान में खपाने के लिए लाई जा रही है. सूचना के आधार पर आबकारी निरोधक दल ने किशनगढ़ टोल पर नाकाबंदी कर संदिग्ध ट्रेलर को रोककर तलाशी ली. तलाशी के दौरान चावल के कट्टों के नीचे छुपाकर रखी गई शराब-बीयर की पेटियां मिलने से अधिकारियों के भी होश उड़ गए.

10 हजार से ज्यादा बोतल-केन बरामद

कार्रवाई के दौरान 228 कार्टून में 2736 बोतल विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब और 335 कार्टून में 8040 केन बीयर बरामद की गई. इन सभी पर 'For Sale in Punjab' अंकित था, जिससे स्पष्ट है कि यह शराब राजस्थान में अवैध रूप से सप्लाई की जा रही थी.

40 लाख से अधिक की बताई जा रही कीमत

जप्त की गई शराब और बीयर की बाजार कीमत करीब 40 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है. आबकारी विभाग ने ट्रेलर को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और तस्करी से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

Advertisement

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह पूरी कार्रवाई अतिरिक्त आयुक्त जोन अजमेर राधेश्याम डेलू, जिला आबकारी अधिकारी तरुण अरोड़ा और उपायुक्त ईपी विजय जोशी के निर्देशन में की गई. किशनगढ़ आबकारी विभाग के अधिकारी महावीर सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने यह बड़ी सफलता हासिल की. इस कार्रवाई में जिला आबकारी अधिकारी पाली मनोज बिस्सा, परीक्षित गुजराल और दिलीप सिंह का भी विशेष योगदान रहा.

ये भी पढ़ें:- जोधपुर में 'गैंगवार' नहीं, वेपन चेक करते वक्त हुआ था हादसा, मंगलदीप अपार्टमेंट के फ्लैट में चली थीं 5 गोलियां

Advertisement