जयपुर के आमेर महल में घूमने जाने वाले पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रशासन ने किले के समय में बदलाव किया है. अब आमेर महल सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रहेगा. पहले यह समय सुबह 8 बजे से निर्धारित था. महल प्रशासन का मानना है कि सुबह जल्दी खुलने से पर्यटक तेज धूप और गर्मी से बचते हुए आराम से आमेर किले की भव्यता का आनंद ले सकेंगे.
हाथी सवारी के समय में भी बदलाव
आमेर महल अधीक्षक राकेश छोलक ने बताया कि आमेर की विश्व प्रसिद्ध हाथी सवारी के समय में भी बदलाव किया गया है. अब पर्यटक सुबह 7 बजे से 10:30 बजे तक हाथी सवारी का लुत्फ उठा सकेंगे. गर्मी को ध्यान में रखते हुए इसका समय पहले कर दिया गया है, जिससे हाथियों और पर्यटकों दोनों को राहत मिल सके.
मावठा सरोवर में बोटिंग का बदला समय
आमेर महल के नीचे स्थित मावठा सरोवर में बोटिंग के समय में भी बदलाव किया गया है. अब पर्यटक सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक बोटिंग का आनंद ले सकेंगे. सरोवर में बोटिंग पर्यटकों के लिए खास आकर्षण है.
पर्यटकों को मिलेगी बेहतर सुविधा
अधिकारियों के अनुसार, यह निर्णय विशेष रूप से गर्मी के मौसम और नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत को ध्यान में रखते हुए लिया गया है. इसका उद्देश्य पर्यटकों को बेहतर सुविधा देना, और पर्यटन अनुभव को सुरक्षित एवं आरामदायक बनाना है. आमेर महल के अधीक्षक राकेश छोलक ने इस बदलाव की पुष्टि करते हुए बताया कि समय में यह संशोधन तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है.
आमेर महल और हाथी सवारी का बदला समय 31 जुलाई 2026 तक रहेगा. इसके बाद फिर पहले वाल ही समय हो जाएगा. मावठा सरोवर में बोटिंग का समय नहीं बदलेगा.
यह भी पढ़ें: बच्चों को NEET-IIT की तैयारी के लिए कोटा भेजने से पहले पढ़ लें DM का ये लेटर, अभिभावकों से की अपील