निकाय चुनाव में सिर पर चप्पलों को रख वोट मांग रहा उम्मीदवार, लगा रहा नारे - ‘गली-गली में शोर है'

राजस्थान के भरतपुर जिले में एक उम्मीदवार के सिर पर चप्पल रखकर प्रचार करने की चर्चा हो रही है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
निकाय चुनाव में चप्पल वाले उम्मीदवार के प्रचार का अनोखा तरीका
NDTV

राजस्थान के नगर निकाय चुनाव में एक ओर जहां बड़ी पार्टियों के उम्मीदवार जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं वहीं कुछ प्रत्याशी अलग अंदाज में भी प्रचार कर रह हैं जिसकी चर्चा हो रही है. भरतपुर की बयाना नगर पालिका चुनाव के वार्ड नंबर 15 का चुनाव ऐसे ही एक उम्मीदवार के प्रचार की वजह से चर्चा में है. इस सीट पर जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, प्रत्याशियों का प्रचार जोर पकड़ता जा रहा है. इसी क्रम में वार्ड नंबर 15 से निर्दलीय प्रत्याशी प्रदीप कुमार शर्मा का अनोखा चुनाव प्रचार चर्चा का विषय बना हुआ है.

सिर पर रखी चप्पल

प्रत्याशी प्रदीप शर्मा अपने चुनाव चिन्ह 'चप्पल' को लेकर एक अलग अंदाज में जनता के बीच पहुंचे. प्रदीप शर्मा एक परात में चप्पलों को फूलों से सजाकर सिर पर रखे हुए पूरे वार्ड की गलियों में जनसंपर्क करते नजर आए. इस दौरान उनके परिजन और समर्थक भी साथ घूमते रहे. वे गलियों में घूमते हुए प्रदीप शर्मा को वोट देने की अपील कर रहे थे. साथ ही वे कई तरह के नारे लगाते चल रहे थे. इनमें एक नारा चर्चा हुआ जिसमें वे कह रहे थे - "गली-गली में शोर है, चप्पल वाले का जोर है". प्रत्याशी का ये रोचक अंदाज मतदाताओं का ध्यान खूब आकर्षित कर रहा है और कस्बे में चर्चा का विषय बना हुआ है.

Advertisement

सिर पर चप्पल रखकर प्रचार करते निर्दलीय उम्मीदवार और परिजन तथा समर्थक
Photo Credit: NDTV

चप्पल चुनाव चिह्न

नगर निकाय चुनाव में चुनाव चिह्न आवंटित होने के बाद कई जगहों पर निर्दलीय उम्मीदवारों को चप्पल चुनाव चिह्न दिया गया. लेकिन कई जगहों पर प्रत्याशियों ने इसका विरोध किया. पिछले सप्ताह बूंदी जिला कलेक्ट्रेट में कुछ निर्दलीय प्रत्याशियों ने उन्हें आवंटित किए गए चुनाव चिह्नों को लेकर नाराजगी जताई. उनका कहना था कि उन्होंने चुनाव चिह्न के लिए अपनी पसंद के तीन चिह्नों का पैनल दिया था, लेकिन उनमें से एक भी चुनाव चिह्न उन्हें आवंटित नहीं किया गया.

ये भी पढ़ें-: निकाय चुनाव में थमाया 'चप्पल' तो भड़के उम्मीदवार, कलेक्ट्रेट में बुलानी पड़ी पुलिस