विज्ञापन
This Article is From Feb 13, 2026

IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स ने रियान पराग को बनाया कप्तान, जानिए कैसा रहा है कप्तानी का रिकॉर्ड

IPL 2026: आईपीएल के अगले सीज़न में संजू सैमसन की जगह अब रियान पराग राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी करते नज़र आएंगे.

IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स ने रियान पराग को बनाया कप्तान, जानिए कैसा रहा है कप्तानी का रिकॉर्ड
रियान पराग पहले भी टीम की कप्तानी कर चुके हैं (File)
IANS

राजस्थान रॉयल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इस साल के सीज़न के लिए रियाग परान को कप्तानी सौंप दी है. रियान संजू सैमसन की जगह लेंगे जो अब चेन्नई सुपर किंग्स के साथ खेलते नज़र आएंगे. राजस्थान रॉयल्स ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर नए कप्तान के नाम की घोषणा की. भारतीय टीम के ऑलराउंडर खिलाड़ी 24 वर्षीय रियान पराग पहले भी कुछ मैचों में राजस्थान रॉयल्स की कप्तानी कर चुके हैं.

आईपीएल में रियान पराग का रिकॉर्ड

आईपीएल के पिछले सीज़न में रियान पराग ने 8 मैचों में टीम की कप्तानी संभाली थी. पिछले सीज़न में संजू सैमसन को चोट लगने की वजह से वह कप्तानी नहीं कर सके थे और तब रियान पराग ने उनकी जगह टीम की अगुआई की थी.

हालांकि, रियान पराग का बतौर कप्तान प्रदर्शन बहुत सफल नहीं रहा था और उनकी कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स 8 में से सिर्फ 2 मैच जीत पाई थी. हालांकि पिछले सीज़न में उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन शानदार रहा और उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच में 95 रन बनाए थे जो उनका अब तक का सर्वश्रेष्ठ स्कोर था.

पिछले सात सीज़न से RR के साथ

रियान पराग ने वर्ष 2019 में आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के साथ ही डेब्यू किया था. इसके बाद से वह लगातार पिछले सात सीज़न से टीम के साथ हैं.

उन्होंने अभी तक राजस्थान रॉयल्स के लिए 84 मैच खेले हैं. उन्होंने 26.10 की औसत से 1,566 रन बनाए हैं. उन्होंने आईपीएल में सात विकेट लिए हैं.

राजस्थान रॉयल्स इस वर्ष के सीज़न में नए कप्तान के अलावा नए कोच के साथ भी उतरेगी. टीम ने राहुल द्रविड़ की जगह इस बार श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर कुमार संगकारा को टीम कोच बनाया है.

असम के ऑलराउंडर

रियान पराग असम के खिलाड़ी हैं जिन्होंने 2017 में इंडिया अंडर-19 टीम के इंग्लैंड दौरे में अपने प्रदर्शन से ध्यान खींचा था. इस टीम में शुभमन गिल और पृथ्वी शॉ जैसे खिलाड़ी भी थे. इसी टीम ने अगले साल 2018 में अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता था.

रियान पराग टीम इंडिया के लिए 9 टी-20 और एक वन डे मैच खेल चुके हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

Rajasthan.NDTV.in पर राजस्थान की ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें. देश और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं. इसके अलावा, मनोरंजन की दुनिया हो, या क्रिकेट का खुमार, लाइफ़स्टाइल टिप्स हों, या अनोखी-अनूठी ऑफ़बीट ख़बरें, सब मिलेगा यहां-ढेरों फोटो स्टोरी और वीडियो के साथ.

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com