Jaipur News: राजस्थान के क्रिकेट प्रेमियों के लिए उत्सव का समय आ गया है. 28 मार्च से शुरू हो रहे IPL के महाकुंभ के लिए राजस्थान रॉयल्स (RR) ने अपनी 'गुलाबी नगरी' में डेरा डाल दिया है. शहर में स्टार खिलाड़ियों के पहुंचने के साथ ही आईपीएल का रोमांच अब फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है.
आपके शहर पहुंचे ये दिग्गज सितारे
जयपुर वालों के लिए सबसे बड़ी खबर यह है कि टीम के नए और सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने जयपुर में दस्तक दे दी है. उनके साथ ही, देश के सबसे युवा और उभरते हुए बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भी सोमवार रात जयपुर पहुंच चुके हैं. इन दोनों खिलाड़ियों की मौजूदगी ने फैंस के बीच भारी उत्सुकता पैदा कर दी है. टीम के रणनीतिकार और मुख्य कोच कुमार संगकारा भी रविवार देर शाम जयपुर पहुंच गए, जिससे अब टीम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं.
जानें कब शुरू होगी प्रैक्टिस?
अगर आप अपने पसंदीदा सितारों को मैदान पर पसीना बहाते देखना चाहते हैं, तो अपडेट यह है कि सवाई मानसिंह (SMS) स्टेडियम में कड़ा अभ्यास सत्र जल्द ही शुरू होने वाला है. टीम के अन्य खिलाड़ियों के जयपुर जुड़ते ही कोच संगकारा की देखरेख में फुल-फ्लेज्ड ट्रेनिंग कैंप शुरू हो जाएगा. खिलाड़ियों के आगमन को देखते हुए माना जा रहा है कि अगले 24 से 48 घंटों में स्टेडियम में 'हल्ला बोल' की गूंज सुनाई देने लगेगी.
फैंस में जबरदस्त उत्साह
जयपुर की सड़कों से लेकर सोशल मीडिया तक, फैंस का मानना है कि इस बार राजस्थान रॉयल्स की टीम अपनी नई ताकत और युवा जोश के दम पर खिताब की प्रबल दावेदार है. सवाई मानसिंह स्टेडियम एक बार फिर से अपनी होम टीम का हौसला बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार है.
ये भी पढ़ें:- CM भजनलाल के दिल्ली दौरे से बढ़ी हलचल, अमित शाह से 45 मिनट की मुलाकात के बाद राजस्थान में बड़े बदलाव के संकेत!