IT Raid: जयपुर के 3 और अजमेर के 1 रेस्टोरेंट में इनकम टैक्स का छापा जारी, बड़ी कर चोरी का शक

जयपुर में रोसाडो बार एंड रेस्टोरेंट, कबाब्स एंड करीज़, द पार्क पैलेस और अजमेर में मैंगो मसाला रेस्टोरेंट में लगातार दूसरे दिन इनकम टैक्स की टीम सर्वे कर रही है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

राजस्थान में पिछले महीने जयपुर के कान्हा रेस्टोरेंट के खिलाफ इनकम टैक्स की बहुचर्चित छापामारी के बाद रेस्टोरेंटों पर आयकर विभाग के छापे की एक और बड़ी कार्रवाई चल रही है. पिछले महीने 18 फरवरी को जयपुर के कान्हा रेस्टोरेंट (Kanha Restaurant) के राजस्थान और मुंबई में संचालकों से जुड़े 33 जगहों पर छापे मारे गए थे. इसके बाद अब एक बार फिर जयपुर और अजमेर के 4 रेस्टोरेंटों पर छापेमारी की है. इनके ऊपर बड़ी टैक्स चोरी करने का शक है और इसी सिलसिले में आयकर विभाग ने रविवार को छापे मारे थे. यह कार्रवाई आज दूसरे दिन भी जारी है.

4 रेस्टोरेंट में दो दिन से छापेमारी जारी

राजस्थान में इनकम टैक्स की टीमें आज दूसरे दिन भी जयपुर और अजमेर के चार रेस्टोरेंट मे सर्वे की कार्रवाई कर रही हैं. इनमें 3 रेस्टोरेंट जयपुर के और 1 अजमेर का रेस्टोरेंट है. जयपुर में जिन तीन रेस्टोरेंटों पर छापे पड़े हैं उनके नाम हैं -  गांधी पथ पर स्थित रोसाडो बार एंड रेस्टोरेंट, राजापार्क स्थित कबाब्स एंड करीज़, और अजमेर रोड स्थित द पार्क पैलेस. जयपुर के इन 3 रेस्टोरेंटों के अलावा अजमेर में स्वामी कॉम्प्लेक्स चौराहा स्थित मैंगो मसाला रेस्टोरेंट पर भी छापेमारी की गई है. 

(कान्हा रेस्टोरेंट के 33 ठिकानों पर रेड पड़ी थी)

मैनेजरों और स्टाफ से पूछताछ

ऐसा समझा जा रहा है कि आयकर विभाग को इन चारों रेस्टोरेंट्स पर शक है कि वह काम की आड़ में बड़ी ट्रैक्स चोरी कर रहे हैं. इसी शक के आधार पर आयकर विभाग की टीमों की ओर से रविवार, 8 मार्च की दोपहर चारों रेस्टोरेंट्स पर कार्रवाई शुरू की गई. आयकर विभाग की टीमें इन चारों रेस्टोरेंट्स के मैनेजरों और स्टाफ से पूछताछ कर रही है. साथ ही, इन चारों रेस्टोरेंटों के दस्तावेजों को बारीकी से खंगाला जा रहा है और संभावित कर चोरी का आकलन करने की कोशिश की जा रही है.

ये भी पढ़ें-: बाड़मेर के सेशन कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, मेल में आतंकी अजमल कसाब का ज‍िक्र

Advertisement
Topics mentioned in this article