Jaipur Viral Video News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में पुलिस मनचलों की अच्छी क्लास लगा रही है.पिछले दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें बाइक सवार युवक स्कूटी पर जा रही एक युवती के साथ सरेआम छेड़खानी करते नजर आ रहे थे. राजस्थान पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को टोंक के जंगलों में दबिश देकर मुख्य आरोपी सुदामा और मनराज सहित रील बनाने वाले उनके दो साथियों-लोकेश और महेश को गिरफ्तार कर लिया है.
27 दिसंबर 2025 का है वीडियो
बता दें कि छेड़छाड़ का वीडियो 27 दिसंबर 2025 का है. लेकिन फेमस होने और सोशल मीडिया पर तहलका मचाने के लिए आरोपी ने कुछ दिन पहले ही वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया था. इसके वायरल होते ही हंगामा मच गया. जांच पुलिस तक पहुंची. मामले को लेकर डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि वीडियो सामने आते ही तुरंत एक्शन लेने के निर्देश दिए गए.
वीडियो की पूरी जांच शुरू की गई. जिसमें एक युवक बाइक पर एक युवती से छेड़छाड़ करता दिख रहा है, उसके साथी बाइक पर पीछे से वीडियो बना रहे थे. कार्रवाई के दौरान हमारे पास कोई शिकायत करने वाला नहीं था.हमें सिर्फ वीडियो दिया गया था जिसकी मदद से हमें आरोपी तक पहुंचना था.ऐसे में जांच तेजी से शुरू की गई.
वाहनों के नंबर और सोशल मीडिया प्रोफाइल से पहुंचे आरोपियों तक
जांच के दौरान पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए वीडियो में दिख रहे वाहनों के नंबर और सोशल मीडिया प्रोफाइल को खंगाला. आरोपियों की लोकेशन ट्रेस होने के बाद पुलिस टीम ने टोंक के जंगलों में कई दिनों तक डेरा डाले रखा और आखिरकार चारों को रविवार को धर दबोचा।टीम से भंवर लाल, ओम प्रकाश डोबर और साइबर से लोकेश की अहम भूमिका रही.
सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए डाली थी वीडियो
पकड़े गए चारों आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद पुलिस ने प्रारंभिक पूछताछ शुरू की. जिसमें इन्होंने बताया कि यह घटना 27 दिसंबर की है. उस समय नशे की हालत में आरोपी बाइक चला रहे थे और सड़क पर स्टंटबाजी कर रहे थे. इसी दौरान सुदामा ने युवती के साथ बदतमीजी की, जिसे पीछे आ रहे उसके दोस्तों ने कैमरे में कैद कर लिया. आरोपियों ने इस वीडियो को करीब तीन महीने तक अपने पास रखा और कुछ दिन पहले ही 'पॉपुलैरिटी' के लिए इसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया.
DCP की कड़ी चेतावनी महिला सुरक्षा से कोई समझौता नहीं
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया आरोपी मनराज मीणा पहले भी मारपीट जैसे आपराधिक मामलों में शामिल रहा है. डीसीपी राजर्षि राज ने स्पष्ट किया कि राजधानी में महिला सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
यह भी पढ़ें; बॉलीवुड की दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन पर CM भजनलाल शर्मा ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि